अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में रंगों और उमंग का पर्व इस बार कई परिवारों के लिए गहरे जख्म छोड़ गया। होली के दिन और उसके आसपास अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों, करंट लगने, संदिग्ध परिस्थितियों और डूबने की घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि मुसाफिरखाना और गौरीगंज क्षेत्रों में हुए अलग-अलग हादसों में 11 लोग घायल हो गए। इन घटनाओं ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर दर्दनाक हादसे
कमरौली के गढ़ा मोड़ के पास लखनऊ–वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को तेज रफ्तार डीसीएम ने साइकिल सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में अनवरी बानों (55) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति मोहम्मद वसीम (59) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों दवा लेने जा रहे थे। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घायल वसीम का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
वहीं इन्हौना क्षेत्र के कैथागांव धीरापुर निवासी राज बहादुर (60) की लखनऊ–सुल्तानपुर राजमार्ग पर अनियंत्रित कार की टक्कर से मौत हो गई। बाजार शुकुल के बागमीरा भिटवा गांव निवासी शिव ओम (18) होली खेलने साइकिल से जा रहे थे। जगदीशपुर–सत्थिन मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी टक्कर हो गई। गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
करंट और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
मुंशीगंज के सेवई हेमगढ़ गांव में खेत से लौट रहे किसान घेराऊ प्रजापति (65) टूटे बिजली तार की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। पीपरपुर के सवनगी गांव में करिश्मा (27) मायके में कमरे के अंदर फंदे से लटकी मिलीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
कमरौली के बरसंडा पट्टी गांव में हनुमान गौतम (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ सेवन के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
झाड़ियों में मिला युवक का शव
मुसाफिरखाना के जाखा शिवपुर निवासी सुनील कुमार वर्मा (30) का शव लालगंज चौराहे के पास सड़क किनारे झाड़ियों में मिला। पास ही उनकी क्षतिग्रस्त बाइक पड़ी थी। पुलिस के अनुसार बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई, जिससे उनकी मौत हो गई।
गोमती में डूबा युवक, तलाश जारी
बाजार शुकुल के किशनी गांव निवासी पवन कुमार गुप्ता (23) होली खेलने के बाद दोस्तों के साथ गोमती नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गए। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम उनकी तलाश में जुटी है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई सुराग नहीं मिल सका था।
मेले में भगदड़, 11 लोग घायल
मुसाफिरखाना क्षेत्र में मेले के दौरान मारपीट और भगदड़ जैसी स्थिति में आठ लोग घायल हो गए। वहीं गौरीगंज क्षेत्र में अलग-अलग हादसों में तीन अन्य लोग घायल हुए। सभी घायलों का उपचार स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है।
खुशियों पर मातम का साया
होली के रंग जहां लोगों को एक-दूसरे के करीब लाते हैं, वहीं इस बार अमेठी में कई घरों की खुशियां पल भर में उजड़ गईं। कहीं मां की मौत से मासूम बच्चे बिलख उठे तो कहीं परिवार के कमाने वाले सदस्य के चले जाने से भविष्य पर संकट मंडराने लगा।
