नई दिल्ली। लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp जल्द ही बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक नया फीचर लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। कंपनी ‘पैरेंट मैनेज्ड अकाउंट’ नाम के फीचर पर काम कर रही है, जिसका उद्देश्य बच्चों के लिए प्लेटफॉर्म को अधिक सुरक्षित बनाना है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह सिस्टम खास तौर पर 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए डिजाइन किया जा रहा है। इसके तहत बच्चों का व्हाट्सएप अकाउंट उनके माता-पिता के अकाउंट से लिंक रहेगा, जिससे पैरेंट्स बच्चों की गतिविधियों पर निगरानी रख सकेंगे।
माता-पिता को मिलेंगे ये कंट्रोल
नए फीचर के लागू होने के बाद अभिभावकों को कई तरह के सुरक्षा नियंत्रण मिलेंगे।
- वे तय कर सकेंगे कि बच्चे को कौन मैसेज भेज सकता है।
- बच्चे की कॉन्टैक्ट लिस्ट में किन लोगों को जोड़ा जा सकता है।
- बच्चे को किन ग्रुप्स में शामिल किया जा सकता है।
इसका मकसद बच्चों को अनजान लोगों के संपर्क से बचाते हुए सुरक्षित माहौल में मैसेजिंग की सुविधा देना है।
कुछ फीचर्स पर रहेगी पाबंदी
रिपोर्ट के अनुसार बच्चों के अकाउंट पर कुछ सीमाएं भी लागू होंगी। उन्हें ऐप के कई एडवांस फीचर्स इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होगी। इनमें स्टेटस अपडेट, चैनल्स और Meta AI से जुड़े फीचर्स शामिल नहीं होंगे।
संदिग्ध मैसेज पर अतिरिक्त सुरक्षा
प्लेटफॉर्म में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय भी जोड़े जा सकते हैं। यदि किसी अनजान या संदिग्ध व्यक्ति से मैसेज आता है, तो उसे अलग फोल्डर में भेज दिया जाएगा। माता-पिता इन मैसेज को देख सकेंगे और जरूरत पड़ने पर उस व्यक्ति को ब्लॉक भी कर पाएंगे।
क्यों जरूरी है यह फीचर
- आजकल कम उम्र के बच्चे भी तेजी से स्मार्टफोन और इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे उनकी ऑनलाइन सुरक्षा बड़ी चिंता बन गई है।
- यह फीचर अभिभावकों को भरोसा देगा कि बच्चे मैसेजिंग ऐप का इस्तेमाल सुरक्षित तरीके से कर रहे हैं।
- रिपोर्ट्स के अनुसार Meta Platforms इस फीचर को चरणबद्ध तरीके से रोलआउट कर सकती है और आने वाले महीनों में इसे अलग-अलग देशों में उपलब्ध कराया जा सकता है।
