अल्मोड़ा। पहाड़ की सड़कों पर एक और दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तहसील देघाट के ग्राम चिन्तोली में रविवार को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलटने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते मातम पसर गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रहरी चन्दन सिंह ने घटना की सूचना थाना देघाट पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देघाट पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान दर्शन सिंह (24) पुत्र छोदाण सिंह और चन्दन सिंह (24) पुत्र प्रेम सिंह, दोनों निवासी ग्राम चिन्तोली के रूप में हुई है। दोनों की असमय मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।
वहीं, हादसे में घायल गोपाल सिंह (24) पुत्र गब्बर सिंह और नरेन्द्र सिंह (18) पुत्र दीवान सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, हालांकि हादसे के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। थाना देघाट पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
