उत्तराखंड: भीषण अग्निकांड में दो मकान जलकर राख, 14 मवेशियों की जिंदा जलकर मौत

खबर शेयर करें

उत्तरकाशी: जनपद में आग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार तड़के जिला मुख्यालय से लेकर मोरी ब्लॉक तक आग के दो अलग-अलग मामलों ने भारी तबाही मचाई। इन घटनाओं में सरकारी विभाग का सामान जलकर खाक हो गया, जबकि एक गांव में दो रिहायशी मकान स्वाहा होने के साथ 14 मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई।

बुधवार सुबह करीब पांच बजे जिला मुख्यालय क्षेत्र के गोफियारा के पास जल संस्थान विभाग के जलकल स्टोर में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आकर स्टोर में रखे प्लास्टिक पाइप समेत अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग में अध्यक्ष व सदस्यों के पदों पर आवेदन आमंत्रित, 22 जनवरी तक करें आवेदन

इसी दौरान मोरी ब्लॉक के गुराड़ी गांव में भी एक आवासीय भवन में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास के एक अन्य मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल पाए।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: सातताल झील की टूटी पुल से पर्यटकों की सुरक्षा खतरे में, जल्द निर्माण की मांग

आग की इस भीषण घटना में 14 मवेशियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृत पशुओं में रामचंद्र की दो गाय और एक बैल, भरत मणि पुत्र केदार दत्त की पांच बकरियां और एक गाय, ममलेश की दो भेड़, एक गाय और दो बकरियां शामिल हैं। इसके साथ ही घरों में रखा खाद्यान्न, कपड़े, नकदी, सोना-चांदी और अन्य जरूरी सामान भी पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग, पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने बताया कि गुराड़ी गांव में आग लगने की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों की टीमों को मौके पर भेजा गया है। नुकसान का विस्तृत आकलन टीम के लौटने के बाद किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: धतूरा खाने से एक ही परिवार के तीन लोग बीमार, खेत से तोड़ा साग बना ‘जहर’

लगातार बढ़ रही आग की घटनाओं ने जिले में प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है, वहीं ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

You cannot copy content of this page