Uttarakhand: रामनगर में आंधी-तूफान का कहर, हल्दू का पेड़ गिरने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत

खबर शेयर करें

रामनगर। उत्तराखंड के रामनगर क्षेत्र में सोमवार मध्य रात्रि आए तेज आंधी-तूफान ने एक मासूम की जान ले ली। हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार घटना कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के बिजरानी रेंज के अंतर्गत आने वाले वन ग्राम रिंगोड़ा की है। सोमवार देर रात करीब एक बजे अचानक तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया।

इसी दौरान रिंगोड़ा निवासी प्रकाश उपाध्याय का 10 वर्षीय पुत्र कानू उपाध्याय अपने परिवार के साथ घर में था। तेज हवाओं के कारण परिवार के लोग जाग गए। इसी बीच कानू अपने कच्चे मकान से बाहर निकल आया। तभी पास खड़ा हल्दू का पेड़ तेज हवा के कारण टूटकर गिर पड़ा और बच्चा उसकी चपेट में आ गया।

यह भी पढ़ें 👉  रुड़की में दर्दनाक हादसा, डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, पत्नी गंभीर घायल

पेड़ के नीचे दबा मिला बच्चा

पेड़ गिरने की तेज आवाज सुनकर परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि कानू पेड़ के नीचे दबा हुआ है। घटना की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग, वन विभाग और क्षेत्र के एसडीएम गोपाल सिंह चौहान को दी गई।

यह भी पढ़ें 👉  महिला क्रिकेट में भारत ने रचा इतिहास, श्रीलंका का 5-0 से सूपड़ा साफ, हरमनप्रीत की कप्तानी पारी बनी जीत की नींव

सूचना मिलते ही अग्निशमन कर्मी और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। भारी पेड़ होने के कारण उसे काटने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद कटर की मदद से पेड़ को काटकर बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

ढिकुली के निजी स्कूल में पढ़ता था कानू

बताया जा रहा है कि मृतक कानू उपाध्याय ढिकुली के एक निजी स्कूल में पढ़ाई करता था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: ऋषिकेश के राकेश कुमार बने इंडियन रम्मी ग्रैंडमास्टर, SOG चैम्पियनशिप में प्रतिनिधित्व कर हासिल की ख्याति

रात में परिजनों ने पंचायतनामा कराने से इनकार कर दिया था, लेकिन पुलिस द्वारा समझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी और वन क्षेत्रों में तेज आंधी-तूफान के दौरान होने वाले खतरों को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।