देहरादून: राजपुर थाना क्षेत्र स्थित जोहड़ी गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की रोडरेज के दौरान चली गोली लगने से मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे मालसी-जोहड़ी क्षेत्र में दो कार सवार युवकों के बीच ओवरटेक को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि एक कार सवार ने दूसरे वाहन को रोकने के लिए टायर पर फायरिंग कर दी। इसी दौरान एक गोली वहां से गुजर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को जा लगी।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
दून एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह घटना रोडरेज का परिणाम है। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और संदिग्ध वाहनों व आरोपियों की तलाश के लिए व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। आसपास के थाना क्षेत्रों में भी नाकेबंदी कर दी गई है।
घटना के बाद कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मैक्स अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही मालसी और जोहड़ी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने और पिकेट लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि रोडरेज जैसी बढ़ती प्रवृत्ति के खतरनाक परिणामों की भी चेतावनी देती है।
