छह बड़ी भर्तियों की संभावित तिथियां घोषित, अभ्यर्थियों को तैयारी तेज करने की सलाह
देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने वर्ष 2025 में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके तहत राज्य की सबसे प्रतिष्ठित पीसीएस मुख्य परीक्षा 2025 का आयोजन 27 से 30 अप्रैल के बीच प्रस्तावित किया गया है। आयोग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जारी की गई सभी तिथियां संभावित हैं और परिस्थितियों के अनुसार इनमें बदलाव संभव है।
Exam Schedule Released: आयोग के परीक्षा नियंत्रक जयवर्धन शर्मा द्वारा जारी परीक्षा कैलेंडर के अनुसार, सचिवालय एवं लोक सेवा आयोग में भर्ती से जुड़ी अपर निजी सचिव परीक्षा 2024 की मुख्य परीक्षा 14 मार्च को आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत अधीक्षिका स्क्रीनिंग परीक्षा 2025 का आयोजन 22 मार्च को प्रस्तावित है।
न्यायिक सेवा और पीसीएस की अहम परीक्षाएं अप्रैल में
न्यायिक सेवा में करियर बनाने वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। न्यायिक विभाग की पीसीएस-जे मुख्य परीक्षा 2023 का आयोजन 21 से 24 अप्रैल के बीच किया जाएगा। इसके तुरंत बाद पीसीएस मुख्य परीक्षा 2025 का आयोजन 27 से 30 अप्रैल के बीच होगा, जिसे लेकर अभ्यर्थियों की तैयारियां तेज हो गई हैं।
प्रवक्ता भर्ती की परीक्षाएं मई में होंगी आयोजित
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता भर्ती की परीक्षाएं मई माह में आयोजित होंगी—
भौतिक शास्त्र: 9 मई
नागरिक शास्त्र: 10 मई
हिंदी: 30 मई
इतिहास: 31 मई
आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रवक्ता भर्ती के शेष विषयों की परीक्षा तिथियां जल्द ही घोषित की जाएंगी।
कुछ परीक्षाएं स्थगित, कुछ की तिथि जल्द
डेरी विकास विभाग के अंतर्गत सहायक निदेशक पद की 12 अप्रैल को प्रस्तावित परीक्षा फिलहाल स्थगित कर दी गई है। वहीं, समीक्षा अधिकारी (RO) और सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) परीक्षा 2024 की कंप्यूटर आधारित परीक्षा की तिथि शीघ्र जारी की जाएगी।
पीसीएस 2024 साक्षात्कार 16 मार्च से प्रस्तावित
आयोग के अनुसार पीसीएस 2024 के साक्षात्कार 16 मार्च से शुरू किए जाने की योजना है। चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण में पहुंच चुके अभ्यर्थियों के लिए यह महत्वपूर्ण सूचना है।
आयोग की अभ्यर्थियों से अपील
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा तिथियों से जुड़े किसी भी संशोधन या नई सूचना के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।
