Uttarakhand: सांसद निधि खर्च में सुस्ती…95.90 करोड़ में से सिर्फ 18% राशि खर्च, 232 कार्य अब तक स्वीकृत नहीं

खबर शेयर करें

काशीपुर। उत्तराखंड के लोकसभा तथा राज्यसभा के वर्तमान सांसदों की आवंटित सांसद निधि की कुल धनराशि में दिसंबर 2025 तक केवल 18 प्रतिशत धनराशि ही खर्च हुई है। इसमें पूर्ण कार्यों तथा चल रहे कार्यों पर खर्च धनराशि शामिल हैं। सांसदों द्वारा प्रस्तावित 232 कार्य अधिकारियों ने स्वीकृत ही नहीं किये है तथा स्वीकृत कार्यों में से 87 कार्य दिसम्बर 2025 तक प्रारंभ भी नहीं हुये है। यह खुलासा सांसद निधि के नोडल विभाग ग्राम्य विकास आयुक्त उत्तराखंड कार्यालय द्वारा सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीम उददीन एडवोकेट को उपलब्ध करायी गयी सूचना से हुआ।

नदीम को उपलब्ध विवरण के अनुसार दिसम्बर 2025 तक उत्तराखंड के कुल 8 सांसदों को 95.90 करोड़ की सांसद निधि आवंटित हुई है। इसमें 49 करोड़ 5 लोकसभा सांसदों तथा 46.90 करोड़ 3 राज्यसभा सांसदों को आवंटित हुई है। उत्तराखंड के सांसदों के वर्तमान कार्यकाल में पूर्ण कार्यों पर कुल 7.08 करोड़ तथा चल रहे अपूर्ण कार्यों पर दिसम्बर 2025 तक कुल 10.65 करोड़ की धनराशि खर्च हुई है जो कुल आवंटित धनराशि का 18 प्रतिशत है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिज़ाज, पर्वतीय जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

सांसद वार सांसद निधि खर्च के मामले में लोेकसभा सांसदों में सर्वाधिक निधि 18 प्रतिशत खर्च करने वाले नैनीताल-उधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट हैं जबकि दूसरे स्थान पर 14 प्रतिशत सांसद निधि खर्च टिहरी गढ़वाल सांसद माला राज लक्ष्मी शाह है। अन्य तीनों लोकसभा सांसदों गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की शून्य, अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा तथा हरिद्वार सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत की दिसम्बर 2025 तक सांसद निधि से एक प्रतिशत से कम धनरााशि खर्च दर्शायी गयी है।

यह भी पढ़ें 👉  ऑस्ट्रेलिया हनुक्का हमला: आरोपी साजिद अकरम हैदराबाद का मूल निवासी, बेटे के साथ कट्टरपंथी गतिविधियों में शामिल

राज्यसभा सांसदों में सर्वाधिक सांसद निधि 47 प्रतिशत नरेश बंसल, दूसरे स्थान पर 27 प्रतिशत कल्पना सैनी तथा तीसरे स्थान पर 6 प्रतिशत महेन्द्र भट्ट की दिसम्बर 2025 तक खर्च हो सकी है।

नदीम को उपलब्ध सांसद वार विवरण के अनुसार नैनीताल उधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने दिसम्बर 25 तक अपने वर्तमान कार्यकाल में सांसद निधि से कुल 316 कार्य प्रस्तावित किये हैैं जिसमें से 229 कार्य अधिकाारियों द्वारा स्वीकृत किये गये है उसमें से 54 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, 154 कार्य चल रहे हैं तथा 21 कार्य प्रारंभ नहीं हो सके है।

टिहरी गढ़वाल सांसद माला राज लक्ष्मी शाह ने 128 कार्य प्रस्तावित किये हैं जिसमें से 89 कार्य अधिकारियों द्वारा स्वीकृत किये गये हैं, 11 कार्य पूर्ण हो चुके है, 64 चल रहे हैं तथा 14 कार्य प्रारंभ नहीं हुये हैं।

गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने अपने वर्तमान लोकसभा सांसद कार्यकाल में कुल 4 कार्य प्रस्तावित किये हैं। अधिकारियों द्वारा 2 कार्य स्वीकृत किये हैं, 1 कार्य पूर्ण तथा 1 कार्य चल रहा दर्शाया गया है लेकिन दिसम्बर 2025 तक खर्च शून्य दर्शाया गया है।

अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा के स्वीकृत 4 कार्यों में से 2 कार्य प्रारंभ न होना तथा 2 कार्य चलना दर्शाया गया है तथा इस पर कुल निधि के 1 प्रतिशत से भी कम 0.041 करोड़ रू. खर्च होना दर्शाया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखण्ड कैबिनेट के बड़े फैसले: गन्ना मूल्य तय, होमस्टे नियम बदले, UCC संशोधन अध्यादेश को मंजूरी

हरिद्वार सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत के प्रस्तावित 16 कार्यों में से अधिकारियों ने 10 कार्य स्वीकृत किये है जिसमें मे 1 कार्य पूर्ण हुआ है 5 चल रहे है तथा 4 प्रारंभ नहीं हुुये हैं। इस पर कुल निधि का 1 प्रतिशत से कम 0.080 करोड़ धनराशि खर्च दर्शाया गया है।

महेन्द्र भट्ट द्वारा अपने दिसम्बर 25 तक पूर्व कार्यकाल में 44 कार्य प्रस्तावित किये हैं 23 स्वीकृत हुये हैं, 2 कार्य पूर्ण हुये, 7 चल रहे है तथा 14 कार्य प्रारंभ नहीं हो सके है।