राष्ट्रीय परिषद में निशंक, त्रिवेंद्र, तीरथ समेत आठ वरिष्ठ नेताओं को मिली जगह
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया के तहत महेंद्र भट्ट को एक बार फिर प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंगलवार को प्रांतीय परिषद की बैठक में केंद्रीय चुनाव अधिकारी हर्ष मल्होत्रा ने उनके निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की। इसके साथ ही राष्ट्रीय परिषद सदस्य पद के लिए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत समेत आठ वरिष्ठ नेताओं का चयन भी किया गया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के लिए नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हुई थी। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम समेत पार्टी के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में महेंद्र भट्ट ने अपना नामांकन पत्र चुनाव अधिकारी खजान दास को सौंपा। नामांकन के दौरान सह चुनाव अधिकारी पुष्कर काला, मीरा रतूड़ी, राकेश गिरी, ज्योति गैरोला, सुभाष बड़थ्वाल, कुलदीप कुमार, मुकेश कोली, मनवीर सिंह चौहान समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पांच सेटों में दाखिल नामांकन पत्रों पर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी, सांसद अजय भट्ट, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा समेत 10 प्रस्तावकों के हस्ताक्षर थे। अन्य प्रस्तावकों में डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, नरेश बंसल, कल्पना सैनी, माला राज्यलक्ष्मी शाह, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, बिशन सिंह चुफाल, विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ, विनोद कंडारी, राम सिंह कैड़ा, महंत दिलीप सिंह रावत व बृजभूषण गैरोला शामिल थे।
राष्ट्रीय परिषद सदस्य के रूप में ये नेता हुए चयनित
डॉ. धन सिंह रावत, अजय टम्टा, डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, अजय भट्ट, माला राज्यलक्ष्मी शाह और कल्पना सैनी को राष्ट्रीय परिषद में प्रतिनिधित्व का मौका मिला है।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में पार्टी ने सभी चुनावों में जीत हासिल की है। उन्होंने संगठन विस्तार में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। भट्ट एक सामान्य कार्यकर्ता से प्रदेश अध्यक्ष बनने तक का लंबा सफर तय कर चुके हैं और लगातार दूसरी बार उन्हें यह जिम्मेदारी मिलना संगठन की एकता का प्रमाण है।
अनिल बलूनी ने बताया संगठन पर्व
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी व गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि भाजपा देश की इकलौती पार्टी है जो बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक लोकतांत्रिक प्रक्रिया से नेतृत्व का चयन करती है। उन्होंने इसे संगठन पर्व करार दिया।
भट्ट बने दोबारा अध्यक्ष, रचा इतिहास
महेंद्र भट्ट उत्तराखंड भाजपा के पहले ऐसे नेता बन गए हैं जिन्हें लगातार दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले कोई भी नेता दो बार इस पद पर नहीं रहा। वह भाजपा के 10वें प्रदेश अध्यक्ष हैं।