बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में रविवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे कुछ देर के लिए लोगों में हल्की चिंता जरूर दिखी, लेकिन स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी रही।
भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, सुबह 11 बजकर 47 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 मापी गई। भूकंप का केंद्र कपकोट तहसील के कर्मी गांव के पास जमीन के भीतर करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।
झटके इतने हल्के थे कि अधिकतर लोगों को इसका अहसास तक नहीं हुआ। जिले में कहीं भी अफरा-तफरी या घबराहट की स्थिति देखने को नहीं मिली। जिला मुख्यालय के साथ-साथ गरुड़, कपकोट और कांडा क्षेत्रों में जनजीवन सामान्य बना रहा।
घटना की सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन विभाग सतर्क हो गया और सभी संवेदनशील इलाकों से संपर्क किया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि कहीं से भी किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान या भवनों में दरार की सूचना नहीं मिली है।
फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जबकि विशेषज्ञों के अनुसार यह सामान्य तीव्रता का भूकंप था, जिससे किसी बड़े नुकसान की आशंका नहीं रहती।
