देहरादून/हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में कार्यरत सहायक प्राध्यापक डॉ. अनिल कार्की को प्रतिष्ठित ‘उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान (चन्द्रकुंवर बर्त्वाल पुरस्कार)’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उत्तराखंड भाषा संस्थान द्वारा हिंदी भाषा और साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
वर्ष 2025 के लिए घोषित इस सम्मान का अलंकरण समारोह सोमवार, 30 मार्च 2026 को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय के मुख्य सेवक सदन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे।
समारोह में खजान दास, सुबोध उनियाल, भाषा संस्थान की निदेशक मायावती डकरियाल तथा उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रो. लोहनी को भी भाषा संस्थान के सदस्य के रूप में शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
डॉ. कार्की को सम्मान स्वरूप ₹50,000 की धनराशि, प्रशस्ति-पत्र, सम्मान-चिह्न और अंगवस्त्र प्रदान किए गए। कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान डॉ. कार्की के निरंतर साहित्यिक योगदान और समर्पण का प्रतिफल है तथा विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है।
विश्वविद्यालय परिवार ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए डॉ. अनिल कार्की को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
