देहरादून: सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट को लेकर चर्चाओं में रहने वाली उर्मिला सनावर एक बार फिर कानूनी शिकंजे में फंस गई हैं। इस बार उनके खिलाफ देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मोथरोवाला चौक निवासी आरती गौड़ ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि सहारनपुर के गोविंद नगर की रहने वाली उर्मिला सनावर ने अपने फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से उनके खिलाफ लगातार आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट साझा कीं।
शिकायत के मुताबिक, सनावर ने न केवल आरती गौड़ की सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया, बल्कि लोगों को उनके खिलाफ उकसाने की भी कोशिश की। आरोप है कि उन्होंने फेसबुक पर आरती का मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर दिया, जिसके बाद उन्हें अज्ञात लोगों से लगातार कॉल और धमकियां मिलने लगीं।
आरती गौड़ का कहना है कि इस घटनाक्रम से वह मानसिक रूप से काफी परेशान हैं और खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट्स सहित पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
