पिथौरागढ़। जिले के जौलजीबी क्षेत्र अंतर्गत भक्तिरवा किमखोला गांव में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। यहां एक युवक की उसके ही सगे भाई, चाची और दो चचेरे भाइयों ने मिलकर हत्या कर दी। आरोपियों ने वारदात को छिपाने के लिए शव को जंगल में ठिकाने लगा दिया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 22 मार्च को कुंदन सिंह (35) पुत्र स्व. बहादुर सिंह रजवार का अपनी चाची बसंती देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि बसंती देवी, उनके बेटे जनक सिंह (25) और रमेश सिंह (21) के साथ ही कुंदन का सगा भाई प्रदीप सिंह (30) भी विवाद में शामिल हो गया। आरोप है कि चारों ने मिलकर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर कुंदन सिंह की हत्या कर दी।
वारदात के अगले दिन 23 मार्च को आरोपियों ने शव को जंगल में फेंक दिया। मृतक की पत्नी रेखा देवी की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर खोजबीन शुरू की और कुछ ही समय में जंगल से शव बरामद कर लिया। इसके बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि मृतक का परिजनों से अक्सर विवाद होता था, जिसके चलते सगे भाई ने भी चाची और चचेरे भाइयों का साथ दिया।
सीओ केएस रावत ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम पिथौरागढ़ जिला अस्पताल में कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मृतक के पीछे दो छोटे बच्चे हैं।
