नई दिल्ली। आधार कार्ड जारी करने वाली संस्था भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के साथ करियर की शुरुआत करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए सुनहरा अवसर सामने आया है। यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने इंटर्न के कुल 28 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।
इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 अप्रैल से शुरू हो चुकी है, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 15 अप्रैल तय की गई है। ऐसे में इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों को समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है।
जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, बीटेक/बीई और एमटेक के 10+4 पद, बैचलर ऑफ डिजाइन (बी-डेस) के 2 पद, मास्टर ऑफ डिजाइन (एम-डेस) के 4 पद, बैचलर ऑफ मैथेमेटिक्स/स्टैटिस्टिक्स के 4 पद और मास्टर ऑफ साइंस (मैथ्स/स्टैटिस्टिक्स) के 4 पदों पर भर्ती की जाएगी।
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित क्षेत्र में ग्रेजुएशन या पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके साथ ही निर्धारित स्किल्स भी जरूरी होंगी।
चयन प्रक्रिया की बात करें तो अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया जाएगा, जिसके बाद इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को UIDAI की इंटर्नशिप पॉलिसी के तहत मासिक स्टाइपेंड भी दिया जाएगा।
आवेदन के लिए उम्मीदवारों को UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित वैकेंसी के नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करना होगा और वहां दिए गए निर्देशों के अनुसार फॉर्म भरना होगा। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवार ऑफिशियल नोटिफिकेशन जरूर पढ़ें।
