नासिक। नासिक जिले में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां एक ही परिवार के नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में छह मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस के मुताबिक यह हादसा रात करीब 10 बजे डिंडोरी कस्बे के शिवाजी नगर क्षेत्र में हुआ। दरअसल, दरगुड़े परिवार के सभी सदस्य एक पारिवारिक समारोह में शामिल होकर कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित एक गहरे कुएं में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं। रात में ही बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया। दो क्रेन और स्थानीय तैराकों की मदद से आधी रात के आसपास कार को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक कार में सवार सभी लोगों की मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, मृतक इंदोरे गांव निवासी दरगुड़े परिवार के सदस्य थे। मृतकों में सुनील दत्तू दरगुड़े (32), उनकी पत्नी रेशमा, आशा अनिल दरगुड़े (32) और परिवार के छह बच्चे शामिल हैं। बच्चों में पांच लड़कियां (7 से 14 वर्ष की उम्र) और एक 11 वर्षीय लड़का शामिल बताया गया है।
सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए डिंडोरी के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत ने गांव में मातम का माहौल पैदा कर दिया है।
