हल्द्वानी। आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान को रफ्तार दे दी है। इसी क्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव हल्द्वानी में प्रवास कर कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद कर रहे हैं।
आज उन्होंने बमौरी ब्लॉक और हल्द्वानी ग्रामीण ब्लॉक के कार्यकर्ताओं/पदाधिकारियों से मुलाकात कर अभियान की महत्ता पर चर्चा की। इसके बाद स्वराज आश्रम में युवक कांग्रेस और NSUI की संयुक्त बैठक को संबोधित किया और युवाओं को संगठन की रीढ़ बताते हुए अभियान की सफलता के लिए प्रेरित किया। इस दौरान NSUI के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विवेक मिश्रा का भी गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कैप्टन यादव ने कहा, “राहुल गांधी जहां देशभर में यात्राओं के माध्यम से लोकतंत्र की मजबूती के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे संगठन सृजन अभियान से आंतरिक लोकतंत्र को मजबूती दे रहे हैं। यह अभियान कई राज्यों में सफल हो चुका है।”
विधायक सुमित हृदयेश ने विश्वास जताया कि कैप्टन यादव के नेतृत्व में कांग्रेस संगठन और अधिक सशक्त होगा और “मिशन 2027 में पार्टी को विजय अवश्य मिलेगी।” सिख समाज से शिष्टाचार भेंट में कैप्टन यादव ने कांग्रेस को मिल रहे समर्थन के लिए आभार जताया।
बैठक का संचालन बमौरी ब्लॉक अध्यक्ष हेम पांडे, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष कुंदन नेगी और युवा नेता हेमंत साहू ने किया। महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने बताया कि कैप्टन यादव का प्रवास जारी रहेगा और वे लगातार कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन को चुस्त-दुरुस्त बनाने की रणनीति पर काम करेंगे।
कार्यक्रम में विधायक सुमित हृदयेश, ललित जोशी, भोला दत्त भट्ट, खजान पांडे, संजय किरौला, सुमित्तर भुल्लर, मुकुल बलुटिया, विनोद दानी, महेश कांडपाल, गिरीश पांडे, विनोद कुमार पिंनु, राजेन्द्र बिष्ट, गजेंद्र गोनिया, प्रदीप नेगी, विशाल भोजक, लाल सिंह पवार, हर्षित जोशी, सावन पथनी, संजय जोशी, राजकुमार, मयंक गुप्ता समेत कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे और पर्यवेक्षक का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

