चंबा में दर्दनाक हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 6 लोगों की मौत

खबर शेयर करें

चंबा (हिमाचल प्रदेश)। जिले के तीसा उपमंडल के चनवास क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं।

हादसा भंजराडू से चिनवास शाहवा मार्ग पर हुआ, जहां तेज मोड़ और पहाड़ी फिसलन के चलते कार चालक नियंत्रण खो बैठा। वाहन गहरी खाई में लुढ़क गया। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।

यह भी पढ़ें 👉  नागपुर में बड़ा हादसा: अवाडा सोलर प्लांट में पानी का टैंक फटा, 3 मजदूरों की मौत, 8 से ज्यादा गंभीर घायल

रेस्क्यू अभियान जारी, पहचान शेष
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। रेस्क्यू टीमों ने सभी शवों को खाई से बाहर निकाला, हालांकि अब तक मृतकों की औपचारिक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में सड़क पर फिसलन या वाहन की तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  ओडिशा के केआईआईटी यूनिवर्सिटी में नेपाली छात्रा की संदिग्ध मौत, विदेश मंत्रालय ने शुरू की कूटनीतिक जांच

पूरे इलाके में शोक की लहर
इस हृदयविदारक दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय अत्यधिक सतर्कता बरतने की अपील की है।

नेताओं ने जताया दुख
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा:“चंबा जिला के तीसा के चनवास में हुई कार दुर्घटना में 6 लोगों के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को संबल प्रदान करें।”
पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता जयराम ठाकुर ने भी घटना पर दुख जताते हुए लिखा: “चंबा जिले के तीसा क्षेत्र में कार दुर्घटना में छह लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। ईश्वर मृतकों को शांति और परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दे।”