‘कांटा लगा’ फेम अभिनेत्री शेफाली जरीवाला का निधन, मनोरंजन जगत में शोक की लहर

खबर शेयर करें

मुंबई। बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री और ‘कांटा लगा’ गर्ल के नाम से मशहूर शेफाली जरीवाला का शुक्रवार देर रात निधन हो गया। 42 वर्षीय शेफाली को सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके असामयिक निधन से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, 27 जून की रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर उनके पति और टीवी अभिनेता पराग त्यागी उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

यह भी पढ़ें 👉  अभिनेत्री अरुषि निशंक से चार करोड़ की ठगी, दो फिल्म प्रोड्यूसर्स पर मुकदमा दर्ज

शेफाली जरीवाला का जन्म 1982 में गुजरात में हुआ था। उन्होंने सरदार पटेल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से सूचना प्रौद्योगिकी में मास्टर डिग्री प्राप्त की थी। पढ़ाई के दौरान ही उन्हें म्यूजिक एल्बम में काम करने का अवसर मिला और यहीं से उनके करियर की शुरुआत हुई।

शेफाली को वर्ष 2002 में आए सुपरहिट रीमिक्स गाने ‘कांटा लगा’ से देशभर में पहचान मिली। बोल्ड लुक और दमदार परफॉर्मेंस के चलते वह रातोंरात स्टार बन गईं और ‘कांटा लगा गर्ल’ के नाम से लोकप्रियता हासिल की। इसके बाद उन्होंने कई म्यूजिक वीडियो, रियलिटी शोज और फिल्मों में काम किया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: 25 मई को खुलेंगे हेमकुंड साहिब के कपाट, 10 अक्टूबर तक चलेगी यात्रा

उन्होंने 2004 में फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ में भी एक छोटी लेकिन यादगार भूमिका निभाई। निजी जीवन की बात करें तो शेफाली ने पहले संगीतकार हरमीत सिंह से शादी की थी, जो बाद में टूट गई। इसके बाद उन्होंने 2014 में अभिनेता पराग त्यागी से विवाह किया।

यह भी पढ़ें 👉  1 मई से महंगा होगा एटीएम से कैश निकालना, RBI ने इंटरचेंज फीस में की बढ़ोतरी

शेफाली ‘नच बलिए 5’ और ‘नच बलिए 7’ में पति पराग के साथ नजर आई थीं। 2019 में वह रियलिटी शो ‘बिग बॉस 13’ में प्रतिभागी के तौर पर शामिल हुईं और खूब सुर्खियां बटोरीं। उनके अचानक निधन की खबर से प्रशंसक और मनोरंजन जगत स्तब्ध हैं। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।