वॉशिंगटन: दुनिया की सबसे मजबूत मुद्रा माने जाने वाले अमेरिकी डॉलर में बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है। अब जल्द ही अमेरिकी नोटों पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर नजर आ सकते हैं। साल 1861 में डॉलर की शुरुआत के बाद यह पहला मौका होगा, जब किसी मौजूदा राष्ट्रपति के हस्ताक्षर मुद्रा पर दिखाई देंगे।
यह फैसला अमेरिका की आजादी की 250वीं सालगिरह के मौके पर लिया गया है, जिसे खास और यादगार बनाने के लिए अमेरिकी ट्रेजरी ने यह कदम उठाया है।
अमेरिकी ट्रेजरर ब्रैंडन बीच ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि नए नोटों पर ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट के साथ राष्ट्रपति ट्रंप के हस्ताक्षर भी होंगे। इसे राष्ट्रपति के नेतृत्व और देश के प्रति उनके योगदान के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।
इससे पहले भी 250वीं वर्षगांठ के जश्न के तहत एक खास 24 कैरेट सोने के सिक्के के डिजाइन को मंजूरी दी जा चुकी है, जिस पर डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर उकेरी गई है।
ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका आर्थिक मजबूती और डॉलर की वैश्विक पकड़ को और मजबूत कर रहा है। ऐसे में उनके नाम को अमेरिकी मुद्रा से जोड़ना ऐतिहासिक और सम्मानजनक कदम है।
