हल्द्वानी। Amrapali University ने अपने 27वें स्थापना दिवस ‘स्पन्दन-2026’ को दो दिवसीय वार्षिकोत्सव के रूप में 27 व 28 फरवरी को हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया। विश्वविद्यालय परिसर में इन दो दिनों के दौरान शैक्षणिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों की रंगारंग छटा देखने को मिली।
कार्यक्रम समन्वयक प्रो. एमके पाण्डेय एवं डॉ. शुभो चट्टोपाध्याय ने बताया कि पहले दिन परिसर में भव्य कार्निवाल का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। संगीत, खेल, निशानेबाजी, हस्तशिल्प, कला और स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल पर दिनभर भीड़ उमड़ी रही।
कार्निवाल में शहर के प्रतिष्ठित संस्थानों—Škoda Auto, Nissan, Momo Mafia, HR Printers, Mijat Jewellers, Grey Cast, Chocolate Factory, Brownies और Gaurav Wellness सहित कई व्यावसायिक स्टॉल लगाए गए।
लकी ड्रा में ई-स्कूटी प्रथम पुरस्कार
कार्निवाल सह-समन्वयक डॉ. मनोज नेगी एवं सुमित जोशी ने बताया कि लकी ड्रा प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में ई-स्कूटी अभय मेहता ने जीती। एलईडी टीवी डॉ. विक्रम सिंह, वॉशिंग मशीन डॉ. सिद्धी शाही, गियर साइकिल प्रभलीन कौर, माइक्रोवेव कंचन और साउंडबार ऋतिका ढैला को प्रदान किया गया।
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में राफिया खान प्रथम, लक्षित खेतवाल द्वितीय और आस्था उपाध्याय तृतीय स्थान पर रहीं। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ थीम पर आधारित परेड कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें विभिन्न संकायों ने देश की सांस्कृतिक विविधता का जीवंत प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल ने सर्वश्रेष्ठ परेड की ट्रॉफी बायोटेक्नोलॉजी संकाय को प्रदान की।
दीप प्रज्वलन से हुआ भव्य उद्घाटन
वार्षिकोत्सव के अंतिम दिन स्थापना दिवस समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री Saurabh Bahuguna ने दीप प्रज्वलन कर किया। विश्वविद्यालय के सीईओ डॉ. संजय ढींगरा ने स्वागत भाषण में बताया कि आम्रपाली विश्वविद्यालय पिछले 27 वर्षों से उत्तराखंड के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक शिक्षा प्रदान कर रहा है। अब तक यहां से 18 हजार से अधिक विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर देश-विदेश में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं।
मुख्य अतिथि सौरभ बहुगुणा ने आम्रपाली परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह संस्थान युवाओं को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, असफलताओं से सीख लेने और नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।
प्रतिभाओं का सम्मान और सांस्कृतिक संध्या
समारोह में सत्र 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही संस्थान के पूर्व छात्रों तथा 25 वर्ष पूर्ण कर चुके शिक्षकों और कर्मचारियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गढ़वाली, राजस्थानी, पंजाबी और बॉलीवुड नृत्यों ने समां बांध दिया। शाम को बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक Jassie Gill और Babbal Rai की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया, जबकि ओपनिंग आर्टिस्ट श्रीया बरूहा ने भी शानदार प्रस्तुति दी।
समापन अवसर पर प्रति कुलपति डॉ. एसके सिंह ने मुख्य अतिथि एवं सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। दो दिवसीय इस भव्य आयोजन ने विश्वविद्यालय परिसर को उत्सवधर्मी माहौल से सराबोर कर दिया।
