हल्द्वानी। आईपीएल मैचों के दौरान बढ़ती अवैध सट्टेबाजी पर शिकंजा कसते हुए नैनीताल पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर सट्टेबाजों के खिलाफ डबल वार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कालाढूंगी और हल्द्वानी में सट्टा खेलते दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
कालाढूंगी क्षेत्र में पुलिस टीम ने 29 मार्च 2026 को खेल मैदान के पास चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को IPL मैच पर सट्टा लगाते हुए दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अफाक अहमद (32 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 04, कालाढूंगी के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से 5,150 रुपये नकद, सट्टा पर्ची, पेन और गत्ता बरामद किया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली कालाढूंगी में जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे के पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक लेखराज कम्बोज सहित अन्य जवान शामिल रहे।
उधर हल्द्वानी में भी पुलिस ने सट्टेबाजी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए गोला गेट से राजपुरा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक अन्य आरोपी रवि को सट्टा खेलते हुए गिरफ्तार किया। उसके पास से 1,270 रुपये नकद, सट्टा पर्चियां, डायरी और पेन बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ थाना हल्द्वानी में जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व सीओ हल्द्वानी अमित कुमार और प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता कर रहे थे, जबकि टीम में उपनिरीक्षक कृष्णा गिरी और कांस्टेबल सुभाष राणा शामिल रहे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आईपीएल के दौरान अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
