नशामुक्त उत्तराखंड के लिए दौड़ा हल्द्वानी, CM धामी ने दिखाई ‘रन फॉर अवेयरनेस’ रैली को हरी झंडी

खबर शेयर करें

हल्द्वानी: मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने रविवार को हल्द्वानी में नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत आयोजित ‘रन फॉर अवेयरनेस’ रैली का शुभारंभ किया। एमबी इंटर कॉलेज मैदान से हजारों युवाओं, छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, समृद्ध और नशे से मुक्त उत्तराखंड के संकल्प की प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि जब वे यहां से कदम बढ़ाएं तो यह संदेश पूरे प्रदेश में जाए कि उत्तराखंड का युवा अब नशे को ‘ना’ और जीवन को ‘हाँ’ कह रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  खटीमा: दवा लेने निकली विवाहिता ने नदी में कूदकर दी जान, एनडीआरएफ की तलाश जारी

मुख्यमंत्री ने नशे को समाज के लिए “साइलेंट वार” बताते हुए कहा कि इसका सबसे बड़ा शिकार युवा वर्ग बन रहा है। कई बार युवा मजाक-मजाक में नशे की गिरफ्त में आ जाते हैं, लेकिन वहां से बाहर निकलना बेहद कठिन हो जाता है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार की खुशियों को भी तबाह कर देता है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा वर्ष 2020 में शुरू किए गए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ से प्रेरणा लेकर राज्य सरकार मिशन मोड में काम कर रही है। वर्ष 2022 में गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा हजारों नशा तस्करों की गिरफ्तारी की गई है और भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: देहरादून-हरिद्वार से छह बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, एक भारतीय महिला भी हिरासत में

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (ATF) सेंटर संचालित किए जा रहे हैं और सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में भी ऐसे केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए ‘दगड़िया क्लब’ बनाए गए हैं, जो उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई सिर्फ कानून से नहीं जीती जा सकती, बल्कि इसके लिए समाज की जागरूकता और युवाओं की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सभी युवाओं से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने आसपास के लोगों को भी इसके खिलाफ जागरूक करेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: हल्द्वानी में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, पूर्व छात्र नेता निकला मास्टरमाइंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी आध्यात्मिक परंपरा, सांस्कृतिक मूल्यों और ऊर्जावान युवा शक्ति के लिए जाना जाता है। यदि यही युवा सही दिशा में आगे बढ़े तो वह पूरे देश के विकास में बड़ी भूमिका निभा सकता है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।

इस दौरान कार्यक्रम में कई संत, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page