हल्द्वानी। कठघरिया क्षेत्र के बच्चीनगर में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 11 वर्षीय बच्चे की जान चली गई। खेत में गेहूं की कटाई के दौरान पानी से भरे आठ फीट गहरे गड्ढे में गिरने से मासूम की मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बदायूं निवासी चंद्रभान कश्यप अपने परिवार के साथ बच्चीनगर में किराए के मकान में रहते हैं। वह पेशे से मिस्त्री हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य खेतों में गेहूं कटाई का काम कर रहे थे। गुरुवार को उनका 11 वर्षीय बेटा सौरभ कश्यप भी परिवार के साथ खेत में मौजूद था।
कटाई के बाद गेहूं के बंडल तैयार करने के दौरान सौरभ पास ही निर्माणाधीन दुकानों के निकट बने गड्ढे के पास पहुंचा। बताया जा रहा है कि बंडल को पानी में भिगोने के लिए जैसे ही वह गड्ढे के पास गया, अचानक संतुलन बिगड़ने से वह करीब आठ फीट गहरे पानी से भरे पिट में गिर गया।
परिवार के लोग काफी देर तक सौरभ को तलाशते रहे। करीब आधे घंटे की खोजबीन के बाद जब गड्ढे में उसकी चप्पल तैरती हुई दिखाई दी, तब अनहोनी की आशंका गहरा गई। बाद में बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पिता चंद्रभान ने बताया कि सौरभ पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। वह हाल ही में पांचवीं कक्षा पास कर छठी में पहुंचा था। मासूम की असमय मौत से परिवार सदमे में है। परिजनों के अनुसार, सौरभ का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव बदायूं में किया जाएगा।
