औरैया: कोतवाली क्षेत्र स्थित ताजपुर गांव में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां मामूली घरेलू विवाद के बाद एक विवाहिता ने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गांव ताजपुर निवासी मोहित कुमार की 26 वर्षीय पत्नी रीना देवी का पति से गैस सिलेंडर न लाने और जानवरों को चारा न डालने को लेकर विवाद हो गया था। दोनों के बीच कहासुनी के बाद पति सब्जी लेने बाजार चला गया। इसी दौरान नाराज रीना घर की पहली मंजिल पर गई और दुपट्टे से पंखे के कुंडे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
कुछ देर बाद जब पति वापस लौटा और ऊपर पहुंचा तो पत्नी को फंदे पर लटका देख उसके होश उड़ गए। आनन-फानन में परिजन और पड़ोसियों की मदद से महिला को नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर विकास मिश्रा ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतका के परिवार में डेढ़ साल की मासूम बेटी मिष्टी है। पति मोहित पिकअप वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। रीना का मायका Rasoolabad क्षेत्र के गांव रसूलपुर में है और उसकी शादी करीब तीन साल पहले हुई थी।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
