नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के दो प्रतिष्ठित कॉलेज रामजस कॉलेज और मिरांडा कॉलेज को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद तत्काल खाली करा लिया गया। सूचना मिलते ही परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
धमकी की खबर मिलते ही दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड में आ गई। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को मौके पर भेजकर दोनों कॉलेज परिसरों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। सुरक्षा एजेंसियां हर कोने की बारीकी से जांच कर रही हैं, हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों कॉलेजों को एक ई-मेल के जरिए बम की धमकी दी गई थी। एहतियात के तौर पर कॉलेज में मौजूद सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है और धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सुरक्षा के मद्देनजर कॉलेज परिसरों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
