नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी को लंबे इंतजार के बाद नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। मंगलवार को पार्टी ने औपचारिक घोषणा करते हुए बिहार के वरिष्ठ नेता और पांच बार के विधायक नितिन नबीन को अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया। नितिन नबीन इस पद पर निर्विरोध चुने गए हैं और वह बीजेपी के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए उनके नेतृत्व में पार्टी के और मजबूत होने की उम्मीद जताई है।
Historic Leadership Change in BJP: नितिन नबीन ने पार्टी के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की जगह ली है, जो वर्ष 2020 से इस पद पर कार्यरत थे। अध्यक्ष पद के चुनाव में नबीन एकमात्र उम्मीदवार थे, जिससे उनकी ताजपोशी पहले से ही तय मानी जा रही थी। नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके समर्थन में नामांकन पत्र दाखिल किए।
37 नामांकन, सभी वैध, बने 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष
चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण ने जानकारी दी कि नितिन नबीन के पक्ष में कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जिन्हें जांच के बाद वैध पाया गया। इसके साथ ही नितिन नबीन भारतीय जनता पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए। पार्टी मुख्यालय में इस मौके पर जश्न का माहौल देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी।
जेपी नड्डा बोले- ऊर्जावान नेतृत्व को सौंपी पार्टी
नितिन नबीन के अध्यक्ष बनने पर निवर्तमान अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी की बागडोर आज एक युवा, ऊर्जावान और प्रतिभावान नेता के हाथों में सौंपी गई है। नड्डा ने करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से नितिन नबीन का स्वागत करते हुए भरोसा जताया कि उनके नेतृत्व में बीजेपी संगठनात्मक और वैचारिक रूप से नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।
पिता की विरासत से राष्ट्रीय राजनीति तक का सफर
नितिन नबीन का जन्म वर्ष 1980 में हुआ था, संयोग से यही वह वर्ष है जब भारतीय जनता पार्टी की स्थापना भी हुई थी। वह एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा बीजेपी के कद्दावर नेता रहे और चार बार विधायक चुने गए। पिता के निधन के बाद वर्ष 2006 में नितिन नबीन ने राजनीति में कदम रखा और पटना पश्चिम सीट से उपचुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा पहुंचे।
लगातार चुनावी जीत से बनाई मजबूत पहचान
परिसीमन के बाद बनी बांकीपुर विधानसभा सीट से नितिन नबीन ने 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार जीत दर्ज की। बिहार सरकार में मंत्री पद संभालने के साथ-साथ संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका रही। पिछले महीने उन्हें पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था और अब उन्हें भारतीय जनता पार्टी की सर्वोच्च जिम्मेदारी सौंपी गई है।
युवा नेतृत्व से भविष्य की रणनीति पर नजर
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नितिन नबीन के नेतृत्व में बीजेपी संगठन को नई ऊर्जा देने, युवाओं को अधिक जोड़ने और आगामी चुनावों की रणनीति को धार देने पर खास फोकस रहेगा। उनके अध्यक्ष बनने को पार्टी के लिए एक नए युग की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
