भीमताल: विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक उत्साह का माहौल है। क्षेत्र के विधायक राम सिंह कैड़ा के उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाए जाने के बाद उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। समर्थक और क्षेत्रवासी उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंच रहे हैं।
इसी क्रम में सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी ने भी कैड़ा को माल्यार्पण कर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्नेहपूर्वक बधाई दी। उन्होंने इसे कैड़ा के लंबे संघर्ष और समर्पण का परिणाम बताया। बृजवासी ने उम्मीद जताई कि उनके मंत्री बनने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
बधाई के साथ ही बृजवासी ने क्षेत्रीय समस्याओं और विकास से जुड़े अहम मुद्दे भी उठाए। उन्होंने भीमताल सिडकुल में आयुष क्षेत्र से जुड़ी कंपनियां स्थापित करने की मांग की, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्याओं—लो वोल्टेज, झूलते तार और अनियमित सप्लाई—के समाधान की भी मांग की।
इस पर कैबिनेट मंत्री कैड़ा ने भरोसा दिलाया कि वे इन सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए विभागीय अधिकारियों और शासन स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि भीमताल क्षेत्र का समग्र विकास और जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कैड़ा ने यह भी कहा कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे और पहाड़ी क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने देंगे।
इस मौके पर देवेन्द्र सिंह फरत्याल, अक्षय कुमार, पूरन मिश्रा समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने अपने नेता को मंत्री बनने पर शुभकामनाएं दीं।
