Haldwani: पानी के लिए फूटा गुस्सा…जल निगम दफ्तर पर ताला, अधिकारियों के आश्वासन पर खुला गेट

खबर शेयर करें

हल्द्वानी: तल्ली हल्द्वानी में पिछले एक सप्ताह से जारी पानी संकट ने शनिवार को बड़ा रूप ले लिया। आक्रोशित लोगों ने जल निगम की विश्व बैंक इकाई पर पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और गेट पर ताला जड़ दिया। हालात ऐसे बने कि करीब चार घंटे तक हंगामा चलता रहा, जिसके बाद अधिकारियों के मौके पर पहुंचने और ठोस आश्वासन देने पर ही ताला खोला गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कई दिनों से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बेहद सीमित हो गई है। सप्लाई महज 15-20 मिनट के लिए हो रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों को टैंकरों से पानी मंगवाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 की डेटशीट में बदलाव, 3 मार्च के पेपर स्थगित...10वीं-12वीं की नई तारीखें जारी

समस्या से नाराज लोगों ने पार्षद मनोज जोशी के नेतृत्व में जल निगम कार्यालय का घेराव किया। पार्षद ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे और लगातार लोगों को गुमराह किया जाता रहा।

जब अधिकारियों ने मौके पर आने में देरी की, तो गुस्साए लोगों ने कार्यालय के गेट पर ताला लगा दिया और साफ कहा कि जब तक अधिकारी मौके पर नहीं आएंगे, ताला नहीं खुलेगा। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और जल निगम के अधिशासी अभियंता चमन यादव, सहायक अभियंता विजेंद्र यादव, मनोज कुमार और अपर सहायक अभियंता राजेंद्र भौर्याल मौके पर पहुंचे।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड बोर्ड रिजल्ट 2025 अपडेट: इंटरमीडिएट में देहरादून की अनुष्का टॉपर, 98.60% अंक हासिल किए

अधिकारियों के पहुंचने के बाद लोगों और प्रशासन के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक हुई। आखिरकार अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि खराब ट्यूबवेल को जल्द ठीक किया जाएगा और तब तक टैंकरों के जरिए पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में बारिश से राहत नहीं, पर्वतीय जिलों में 24 सितंबर तक अलर्ट

प्रदर्शन के दौरान पार्षद ने साफ कहा कि जब तक नई मोटर नहीं लगाई जाती, वे पीछे नहीं हटेंगे। करीब चार घंटे के इंतजार के बाद नई मोटर मौके पर पहुंची, जिसके बाद पुरानी मोटर हटाने की प्रक्रिया शुरू हुई और स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई।

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और जल संकट को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

You cannot copy content of this page