नैनीताल: जनपद के धारी क्षेत्र में वन पंचायत की भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम सुंदरखाल (मनाघेर वन पंचायत) में बिल्डर्स द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण को चिन्हित कर प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
उपजिलाधिकारी धारी अंशुल भट्ट की अध्यक्षता में चली इस कार्रवाई के दौरान पाया गया कि बिल्डर्स द्वारा वन पंचायत की भूमि पर अवैध रूप से सड़क निर्माण किया जा रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
कार्रवाई के तहत वन सरपंच सुंदरखाल को वन पंचायत अधिनियम के अंतर्गत निलंबित कर दिया गया है। वहीं, राजस्व उपनिरीक्षक सुंदरखाल को पूरे प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने संबंधित मामले में तत्काल प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज करने के भी आदेश दिए हैं।
इस दौरान तहसीलदार धारी मनीषा बिष्ट, राजस्व निरीक्षक प्रवीण ह्यांकि, राजस्व निरीक्षक नारायण वर्मा, राजस्व उपनिरीक्षक निर्मल बोरा तथा वन दरोगा पूरण मेलकानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी कहा गया कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
