Uttarakhand: पेपर लीक के बाद रद्द भर्ती परीक्षा की नई तारीख घोषित, 17 मई को होगा एग्जाम

खबर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में चर्चित पेपर लीक प्रकरण के बाद रद्द की गई स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने नई परीक्षा तिथि घोषित कर दी है। अब यह परीक्षा 17 मई को आयोजित की जाएगी, जबकि तकनीकी पदों की भर्ती परीक्षा 3 मई को कराई जाएगी।

आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने बताया कि 21 सितंबर 2025 को पटवारी, लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी सहित विभिन्न स्नातक स्तरीय पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। लेकिन एक परीक्षा केंद्र पर नकल का मामला सामने आने के बाद आयोग ने पूरी परीक्षा को निरस्त कर दिया था। इस फैसले से लाखों अभ्यर्थियों को झटका लगा था।

यह भी पढ़ें 👉  सिंधु जल संधि पर भारत का सख्त संदेश, पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय चालों को करारा झटका

अब दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लेते हुए आयोग ने 17 मई की तिथि तय की है। इससे उन अभ्यर्थियों को राहत मिली है, जो लंबे समय से नई तारीख का इंतजार कर रहे थे।

इसके अलावा, विभिन्न विभागों में तकनीकी अर्हताओं से जुड़े 18 प्रकार के पदों के लिए भी भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। इन पदों के लिए 3 मई को परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें कुल 5872 अभ्यर्थी शामिल होंगे। खास बात यह है कि इस परीक्षा को आधुनिक तकनीक के तहत टैब (Tab) के माध्यम से कराया जाएगा, ताकि पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल: 49 नशे के इंजेक्शन के साथ पकड़ा गया युवक दोषी करार, कोर्ट ने सुनाई 14 साल की सजा

गौरतलब है कि पेपर लीक और नकल के मामले के बाद पूरे प्रदेश में युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा था। जगह-जगह धरना-प्रदर्शन हुए और भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठे। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों के बीच पहुंचे थे और मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: योगा ट्रेनर ज्योति मेर हत्याकांड का खुलासा, आरोपी अभय यादव गिरफ्तार

अब जबकि नई परीक्षा तिथि घोषित हो गई है, अभ्यर्थियों के सामने एक ओर दोबारा तैयारी की चुनौती है, तो वहीं आयोग के लिए इस बार निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा कराना सबसे बड़ी कसौटी होगी। यदि इस बार भी कोई गड़बड़ी सामने आती है, तो सरकार और आयोग दोनों की साख पर बड़ा सवाल खड़ा हो सकता है।