देहरादून। राजधानी देहरादून में हालिया आपराधिक घटनाओं के बाद उत्तराखंड पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए “ऑपरेशन प्रहार” की शुरुआत का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर शुरू हो रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में गढ़वाल जोन और एसटीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ देहरादून पुलिस के शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
हर स्तर पर जवाबदेही तय, फील्ड में उतरेंगे अधिकारी
डीजीपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अब केवल निर्देश नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सख्त क्रियान्वयन दिखाई देना चाहिए। आईजी गढ़वाल को कानून-व्यवस्था की दैनिक मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि एसएसपी देहरादून को अधीनस्थ अधिकारियों की स्पष्ट टास्किंग और जवाबदेही तय करने को कहा गया है। क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे खुद फील्ड में मौजूद रहकर संवेदनशील और चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाएं। शहर में प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाकर सघन चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा। खासतौर पर सुबह के समय पुलिस की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
STF को खुली छूट, अपराधियों की धरपकड़ तेज
एसटीएफ को राजधानी में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ विशेष ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए गए हैं। खुफिया इनपुट के आधार पर चिन्हित अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिससे अपराध नेटवर्क को तोड़ा जा सके।
किरायेदार और होम-स्टे पर पैनी नजर
पुलिस ने सत्यापन अभियान को और तेज करने का फैसला लिया है। पीजी, किरायेदारों और होम-स्टे में रह रहे लोगों का सघन सत्यापन कराया जाएगा। इसके साथ ही इन स्थानों पर संचालित गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
देर रात खुलने वाले बार-पब्स पर सख्ती
निर्धारित समय सीमा के बाद संचालित हो रहे बार और पब्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का मानना है कि देर रात संचालित होने वाले ऐसे स्थान अपराध की संभावनाओं को बढ़ाते हैं।
डीजीपी का स्पष्ट संदेश “अब कोई ढिलाई नहीं”
पुलिस महानिदेशक ने दो टूक कहा कि राजधानी में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। “ऑपरेशन प्रहार के तहत सख्त, त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आम जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
