संपत्ति विवाद में बेटे ने कुल्हाड़ी से माता-पिता, दादी और बहन की हत्या की, बड़ा भाई घायल

खबर शेयर करें

रुपईडीहा (बहराइच)। जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में रविवार देर रात पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए झगड़े में छोटे बेटे ने कथित रूप से कुल्हाड़ी से हमला कर अपने माता-पिता, दादी और बहन की हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे बड़े भाई पर भी हमला किया गया। संघर्ष के दौरान आरोपी भी घायल हो गया।

घटना रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। ग्रामीणों की सूचना पर चौकी प्रभारी बाबागंज शिवेश कुमार शुक्ला और डायल 112 टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने दादी शीतला देवी (82), पिता बदलूराम (62), मां संजू देवी (60) और बहन पार्वती (35) को मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  गरियाबंद में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, नक्सलियों का जखीरा बरामद

हमले में गंभीर रूप से घायल बड़े भाई गुरुदेव (33) और आरोपी छोटे भाई निरंकार (27) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। निरंकार की हालत नाजुक होने पर उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया है।

भोर होते ही थाना प्रभारी आरएस रावत, क्षेत्राधिकारी पहुप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद और संपत्ति के बंटवारे से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि हर पहलू से जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  नागपुर में बड़ा हादसा: अवाडा सोलर प्लांट में पानी का टैंक फटा, 3 मजदूरों की मौत, 8 से ज्यादा गंभीर घायल

फोरेंसिक टीम ने घर के भीतर से साक्ष्य जुटाए। कमरे में खून के निशान और टूटी-फूटी वस्तुएं बिखरी मिलीं। घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी घर के बाहर से बरामद कर ली गई है। एहतियातन गांव में अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं।

घायल गुरुदेव ने पुलिस को बताया कि पिछले चार वर्षों से निरंकार संपत्ति को लेकर पिता पर आरोप लगाता था और आए दिन झगड़ा करता था। चार साल पहले उसकी पत्नी भी पारिवारिक कलह के कारण घर छोड़कर चली गई थी। पत्नी के जाने के बाद से उसका व्यवहार और आक्रामक हो गया था।

यह भी पढ़ें 👉  चमोली हिमस्खलन अपडेट: 49 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, एक श्रमिक की मौत, 6 की तलाश जारी

गुरुदेव के अनुसार, रविवार रात करीब एक बजे निरंकार ने फिर संपत्ति को लेकर विवाद शुरू किया। कहासुनी के दौरान उसने घर के कोने में रखी कुल्हाड़ी उठाई और एक-एक कर सभी पर हमला कर दिया। शोर सुनकर जब गुरुदेव अंदर पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी वार किया। संघर्ष के दौरान कुल्हाड़ी छूट गई, जिसके बाद निरंकार ने पास पड़ी ईंट से अपने ही सिर पर वार कर लिया, जिससे वह घायल हो गया।

पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की गहन जांच जारी है। गांव में इस जघन्य घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है।