देहरादून: राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मांडूवाला जंगल से 11 मार्च को मिली महिला की सड़ी-गली लाश के मामले का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि महिला के पति ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूरी घटना का पर्दाफाश कर दिया है।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपी रंजीत शर्मा मूल रूप से बिहार के सहरसा जिले का निवासी है। वर्ष 2009 में उसकी शादी रूपा से हुई थी, लेकिन पारिवारिक विवाद के चलते 2021 में रूपा ने उसे छोड़कर दूसरी शादी कर ली थी। इसके बाद रंजीत ने भी दूसरी महिला सुशीला से विवाह कर लिया।
करीब एक वर्ष पहले रूपा अपने दूसरे पति को छोड़कर 11 महीने की बेटी के साथ रंजीत के पास लौट आई थी। दोनों पत्नियों के बीच तनाव बना रहता था। रंजीत देहरादून के भाटोवाला क्षेत्र में मजदूरी करता था और रूपा भी कुछ समय से उसके साथ रह रही थी।
पुलिस के अनुसार, 5 मार्च को रंजीत अपनी दूसरी पत्नी से फोन पर बात कर रहा था, तभी रूपा ने उसका फोन छीन लिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर रंजीत ने रूपा का गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची। तीन दिन तक शव को छिपाकर रखने के बाद 8 मार्च को उसने ठेकेदार की बाइक ली और शव को बोरे में भरकर मांडूवाला के जंगल में फेंक दिया, ताकि पहचान न हो सके।
मामले की जांच में जुटी पुलिस ने महिला की पहचान के लिए 30 से अधिक मलिन बस्तियों में रहने वाले करीब 5 हजार लोगों का सत्यापन किया। इस दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि रंजीत अपनी पत्नी और बच्ची के साथ काम पर आता था, लेकिन होली के बाद से वह अकेला ही आ रहा है। यहीं से पुलिस का शक गहरा गया।
ठेकेदार से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी 8 मार्च को बाइक लेकर गया था और पत्नी को गांव छोड़ने की बात कही थी। इसके बाद पुलिस ने भाटोवाला में दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन उसे दबोच लिया गया। कड़ी पूछताछ में उसने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना एक बार फिर घरेलू विवादों के खतरनाक रूप को उजागर करती है।
