होली पर सनसनी: पति ने पत्नी की गला रेतकर की हत्या, प्रेमी पर तेजाब से हमला

खबर शेयर करें

शाहजहांपुर। होली के दिन शहर के चौक कोतवाली क्षेत्र स्थित बालाजी नगर कॉलोनी में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। लिव-इन रिलेशन में रह रही 31 वर्षीय महिला की उसके पति ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। आरोप है कि आरोपी पति मुखौटा लगाकर घर पहुंचा और दरवाजा खुलते ही पहले महिला के प्रेमी पर तेजाब फेंक दिया, फिर पत्नी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।

मामले में घायल प्रेमी की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

दस साल पहले हुआ था विवाह

जानकारी के अनुसार आरसी मिशन थाना क्षेत्र के मोहल्ला रेती निवासी मनमोहन पांडेय से करीब दस वर्ष पहले आरती की शादी हुई थी। दोनों की सात साल की एक बेटी भी है। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते दोनों अलग रहने लगे थे। तलाक के लिए न्यायालय में अर्जी भी दी गई थी, जिस पर छह महीने का समय दिया गया था।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: अब गंगोत्री धाम में गैर हिंदुओं का प्रवेश प्रतिबंधित...सिख और बौद्ध धर्मावलंबियों को मिलेगी अनुमति, अप्रैल से लागू होगा नया नियम

बताया जा रहा है कि आरती बृजदीप नामक युवक के अधीन डाटा फीडिंग का काम करती थी। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों साथ रहने लगे। दोनों जल्द ही शादी करने की योजना बना रहे थे।

मुखौटा लगाकर घर पहुंचा आरोपी

बृजदीप के अनुसार बुधवार सुबह करीब छह बजे वह और आरती घर पर मौजूद थे। तभी मनमोहन पांडेय मुखौटा लगाकर वहां पहुंचा। दरवाजा खटखटाने पर बृजदीप गेट खोलने गया। जैसे ही उसने दरवाजा खोला, मनमोहन धक्का देकर अंदर घुस आया।

यह भी पढ़ें 👉  अब रात की आड़ में करोड़ों की टैक्स चोरी, रुद्रपुर–किच्छा बना काले कारोबार का गढ़

बताया गया कि उसने पहले गुलाल फेंका और फिर जेब से तेजाब की बोतल निकालकर बृजदीप पर हमला कर दिया। तेजाब से बचने के लिए आरोपी ने हाथों में दस्ताने भी पहन रखे थे।

पत्नी को दौड़ाकर मार डाला

प्रेमी पर हमला होते देख आरती भी मौके पर पहुंच गई और उसने मनमोहन पर ईंट से वार कर दिया। इस दौरान बृजदीप ने उसे वहां से भागने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने आरती को पकड़ लिया और धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। गंभीर रूप से घायल आरती की मौके पर ही मौत हो गई।

दोनों घायल, अस्पताल में भर्ती

तेजाब से झुलसने के बाद बृजदीप ने भी पलटकर हमला किया, जिससे मनमोहन भी गंभीर रूप से घायल हो गया और वहीं गिर पड़ा। आरती के गले से बह रहे खून को रोकने के लिए बृजदीप काफी देर तक चबूतरे पर बैठा रहा।

यह भी पढ़ें 👉  महिला क्रिकेट में भारत ने रचा इतिहास, श्रीलंका का 5-0 से सूपड़ा साफ, हरमनप्रीत की कप्तानी पारी बनी जीत की नींव

उसका मोबाइल फोन घर के अंदर रखा था। फोन लेने के बाद उसने पुलिस और परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

सात साल की बेटी हुई अनाथ

बताया जा रहा है कि पति से विवाद के बाद आरती प्रेमी बृजदीप के साथ रहने लगी थी और दोनों जल्द शादी करने वाले थे। लेकिन होली के दिन हुए इस खौफनाक हत्याकांड ने एक सात वर्षीय बच्ची को अनाथ कर दिया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।