नई दिल्ली। देश की प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस में परोसे जा रहे खाने की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। हालिया मामले में एक महिला यात्री ने दावा किया है कि ट्रेन में परोसा गया लंच खाने के बाद उन्हें गंभीर एलर्जी हो गई, जबकि उनके दो साल के बच्चे की तबीयत भी बिगड़ गई।
मामला 27 मार्च 2026 का बताया जा रहा है। रांची निवासी आयुषी सिंह ट्रेन नंबर 22500 वंदे भारत एक्सप्रेस से वाराणसी से देवघर की यात्रा कर रही थीं। वह ई-वन कोच में सवार थीं। यात्रा के दौरान आईआरसीटीसी द्वारा परोसा गया लंच उन्होंने और उनके बेटे ने खाया।
आयुषी के मुताबिक, खाना खाने के कुछ ही मिनटों के भीतर उनके ऊपरी होंठों में सूजन आ गई और शरीर में एलर्जी के लक्षण दिखने लगे। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेनी पड़ी।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसी भोजन को खाने के बाद उनके दो वर्षीय बेटे को दस्त की समस्या हो गई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी सूजी हुई तस्वीरें और डॉक्टर की मेडिकल रिपोर्ट साझा करते हुए दावा किया कि यह परेशानी ट्रेन में परोसे गए खाने की वजह से हुई। मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन में भी भोजन के बाद एलर्जी की बात दर्ज होने का उल्लेख किया गया है।
इधर, आईआरसीटीसी ने मामले पर सफाई देते हुए कहा है कि संबंधित ट्रेन और कोच में परोसे गए भोजन की जांच की गई, जिसमें गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। विभाग के अनुसार, अन्य किसी यात्री की ओर से इस तरह की शिकायत सामने नहीं आई है।
आईआरसीटीसी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला से सीधे संपर्क कर विस्तृत जानकारी मांगी गई है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद एक बार फिर प्रीमियम ट्रेनों में यात्रियों को परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
