Nainital: महाशिवरात्रि पर छोटा कैलाश में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

खबर शेयर करें

भीमताल (नैनीताल)। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर नैनीताल जिले के भीमताल स्थित छोटा कैलाश में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रविवार को एक लाख से अधिक श्रद्धालु चार किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई पार कर भगवान शिव के जयकारों के साथ मंदिर पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया।

श्रद्धालु शनिवार रात से ही मंदिर पहुंचने लगे थे। पूरी रात भजन-कीर्तन और शिव आराधना का दौर चलता रहा। रविवार सुबह चार बजे से ही मंदिर में दर्शन और जलाभिषेक का क्रम शुरू हो गया। पुजारियों द्वारा विधि-विधान से पूजा कराई गई। ज्येष्ठ प्रमुख उमेश पलड़िया और पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल चनौतिया ने बताया कि शनिवार रात से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। हालांकि स्थानीय लोगों के अनुसार इस वर्ष पिछले साल की तुलना में भीड़ कुछ कम रही।

यह भी पढ़ें 👉  बेतालघाट गोलीकांड: एसएसपी ने 16 सदस्यीय गैंग पर कसा शिकंजा, गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज

इधर भीमताल के डांठ क्षेत्र स्थित भीमेश्वर महादेव मंदिर में भी रविवार सुबह चार बजे से लंबी कतारें लग गईं। यहां दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारी मदन गिरी ने बताया कि सुबह से ही श्रद्धालु निरंतर पहुंचते रहे।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: उपनल कर्मचारियों को धामी सरकार की बड़ी सौगात, ‘समान कार्य–समान वेतन’ का शासनादेश जारी

भवाली, मुक्तेश्वर, पहाड़पानी, बेतालघाट, गरमपानी और पतलोट क्षेत्रों में भी महाशिवरात्रि पर विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन हुए।

इस अवसर पर दीपक रावत (आयुक्त कुमाऊं मंडल/सचिव मुख्यमंत्री) ने भी छोटा कैलाश पहुंचकर भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक किया और कुमाऊं मंडल एवं प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में बिजली दरों पर दोहरी मार, 25 फीसदी तक बढ़ सकते हैं बिल

आयुक्त ने कहा कि भगवान शिव आस्था, तप और लोककल्याण के प्रतीक हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से सामाजिक समरसता और जनसेवा में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु उपस्थित रहे।