तेहरान: पश्चिम एशिया में जारी भीषण संघर्ष के बीच जंग ने अब और खतरनाक रूप ले लिया है। ईरान ने दावा किया है कि उसने सऊदी अरब में स्थित अमेरिकी एयरबेस पर बड़ा हमला किया है, जिसमें कई अमेरिकी विमान तबाह हो गए।
ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में 6 बैलिस्टिक मिसाइलों और 29 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। खास बात यह बताई जा रही है कि हमले में अमेरिका का अत्याधुनिक कमांड एंड कंट्रोल विमान E-3 AWACS भी पूरी तरह नष्ट हो गया। जारी तस्वीरों में विमान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त दिखाई देने का दावा किया गया है। इसके अलावा, ईंधन भरने वाले रिफ्यूलिंग विमानों को भी नुकसान पहुंचने की बात कही जा रही है।
ईरान ने यह भी दावा किया है कि इस हमले में कम से कम 10 अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर है। हालांकि, अमेरिकी सेंट्रल कमांड की ओर से इस हमले को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
बताया जा रहा है कि प्रिंस सुल्तान एयरबेस पिछले कुछ समय से ईरान के निशाने पर रहा है। ईरान ने यह भी दावा किया है कि उसने अमेरिका के MQ-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया और एक F-16 लड़ाकू विमान को नुकसान पहुंचाया है।
गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ कार्रवाई के बाद से यह संघर्ष लगातार तेज होता जा रहा है। अब यह जंग कई मोर्चों पर फैल चुकी है। हूती विद्रोही भी इसमें कूद चुके हैं और उन्होंने इजरायल पर मिसाइल हमले किए हैं।
इस बढ़ते टकराव के बीच सबसे ज्यादा नुकसान आम नागरिकों को उठाना पड़ रहा है। हाल ही में मीनाब में एक गर्ल्स स्कूल पर हुए हमले में बड़ी संख्या में मासूम बच्चियों की मौत का दावा भी सामने आया था, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल, क्षेत्र में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं और आशंका जताई जा रही है कि यदि स्थिति जल्द नहीं संभली, तो यह संघर्ष और भी व्यापक रूप ले सकता है।
