नई दिल्ली। पीएनबी घोटाले में फरार कारोबारी मेहुल चोकसी एक बार फिर यूरोप में ठिकाना बदलने की कोशिश कर रहा है। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक, वह बेल्जियम के एंटवर्प में रह रहा है और अब स्विट्जरलैंड जाने की योजना बना रहा है।
बेल्जियम में ‘एफ रेजीडेंसी कार्ड’ के सहारे रह रहा चोकसी
पहले माना जा रहा था कि चोकसी एंटीगुआ और बारबुडा में रह रहा था, लेकिन अब खुलासा हुआ है कि उसने बेल्जियम में ‘एफ रेजीडेंसी कार्ड’ हासिल कर लिया है। रिपोर्ट के अनुसार, चोकसी ने यह कार्ड पाने के लिए फर्जी दस्तावेज और गलत जानकारी का इस्तेमाल किया, जिससे उसे यूरोप में घूमने और रहने की छूट मिल गई।
भारत ने बेल्जियम से मांगा प्रत्यर्पण
भारत सरकार ने अब बेल्जियम से चोकसी के प्रत्यर्पण की मांग की है। हालांकि, भारतीय अधिकारियों ने अभी तक इस रिपोर्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
स्विट्जरलैंड के कैंसर अस्पताल जाने की योजना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चोकसी अब स्विट्जरलैंड के एक प्रसिद्ध कैंसर अस्पताल में इलाज कराने की योजना बना रहा है। माना जा रहा है कि वह भारत प्रत्यर्पित होने से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है।
13,500 करोड़ का घोटाला, नीरव मोदी लंदन की जेल में
चोकसी और उसके भतीजे नीरव मोदी पर पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से 13,500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। नीरव मोदी इस समय लंदन की जेल में बंद है और भारत प्रत्यर्पण के खिलाफ मुकदमा लड़ रहा है।
चोकसी की संपत्तियों की बिक्री जारी
दिसंबर 2024 में मुंबई की विशेष अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को चोकसी की जब्त संपत्तियों की बिक्री की अनुमति दी थी। 2,565.9 करोड़ रुपये की इन संपत्तियों में मुंबई के फ्लैट्स, अंधेरी के कारखाने और गितांजलि जेम्स लिमिटेड की संपत्तियां शामिल हैं। अब तक 125 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां बेची जा चुकी हैं।
चोकसी पर लगे गंभीर आरोप
चोकसी के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, विश्वासघात, संपत्ति की अवैध लेनदेन, भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर आरोप हैं। भारत सरकार उसे प्रत्यर्पित कराने के लिए लगातार कोशिशें कर रही है। अब देखना यह होगा कि बेल्जियम सरकार भारत की प्रत्यर्पण मांग पर क्या रुख अपनाती है और क्या चोकसी स्विट्जरलैंड भागने में सफल होता है या कानून के शिकंजे में फंसता है।