मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। थाना नौहझील क्षेत्र के गांव बाघई कटैलिया में रविवार सुबह एक युवक ने अपनी ही नवविवाहित भाभी की ब्लेड से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद के गले पर भी ब्लेड मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों के बीच चीख-पुकार गूंज उठी।
शादी से इनकार बना खून की वजह
पुलिस के मुताबिक, ज्वाला प्रसाद के छोटे बेटे दीपक (23) की शादी आगरा के खंदौली क्षेत्र के नंदलालपुर निवासी युवती से तय हुई थी। युवती की बड़ी बहन करिश्मा की शादी दीपक के बड़े भाई प्रमोद उर्फ कालू से 1 नवंबर को सामूहिक विवाह समारोह में हुई थी।
शादी से पहले छोटी बहन ने दीपक से विवाह करने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि इस बात को लेकर दीपक अपनी भाभी करिश्मा से खुन्नस रखने लगा और उसे ही शादी टूटने का जिम्मेदार मानने लगा।
कमरे में विवाद, कुछ ही मिनटों में मातम
रविवार सुबह करीब 8:30 बजे करिश्मा (20) अपने कमरे में थीं। तभी दीपक वहां पहुंचा और साली से शादी के मुद्दे पर विवाद शुरू हो गया। कहासुनी जल्द ही हाथापाई में बदल गई।
पुलिस के अनुसार, जब करिश्मा ने पति से शिकायत करने की बात कही तो दीपक ने ब्लेड निकालकर उनका गला रेत दिया। खून से लथपथ करिश्मा जमीन पर गिर पड़ीं। इसके तुरंत बाद दीपक ने भी अपने गले पर ब्लेड मार लिया। घर के आंगन में बैठी मां अंगूरी देवी ने चीख-पुकार सुनी तो कमरे में पहुंचीं और दोनों को लहूलुहान हालत में देखा।
अस्पताल में भाभी मृत घोषित, आरोपी की हालत गंभीर
परिजन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील ले गए। वहां डॉक्टरों ने करिश्मा को मृत घोषित कर दिया। दीपक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उसकी स्थिति अभी नाजुक बताई जा रही है।
साक्ष्य मिटाने की कोशिश से खुला नया मोड़
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को तुरंत सूचना नहीं दी। डॉक्टरों की सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से कई अहम साक्ष्य गायब मिले।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की मां ने खून के निशान साफ कर दिए और खून से सने कपड़े धोकर सुखाने डाल दिए। वारदात में इस्तेमाल ब्लेड को चूल्हे की आग में फेंक दिया गया।
हालांकि फोरेंसिक टीम ने मौके से नमूने एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।
नकाबपोश बदमाशों की अफवाह से गुमराह करने की कोशिश
ग्रामीणों के मुताबिक, शुरुआत में यह अफवाह फैलाई गई कि चार-पांच नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए और बहू-बेटे का गला रेत दिया। लेकिन पुलिस जांच में यह कहानी झूठी साबित हुई।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की। मायके पक्ष की तहरीर पर ससुराल पक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
गांव में सन्नाटा, पुलिस हर पहलू पर जांच में जुटी
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस हत्या, साक्ष्य नष्ट करने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
