Haldwani: ऑटो से उतरते समय चक्कर आने से गिरी मां, ढाई साल की मासूम की मौत

खबर शेयर करें

हल्द्वानी: हल्द्वानी के काठगोदाम रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में ढाई साल की मासूम की मौत हो गई। ऑटो से उतरते समय मां को अचानक चक्कर आने से वह बच्ची समेत सड़क पर गिर गईं, जिससे बच्ची के सिर पर गंभीर चोट लग गई।

जानकारी के अनुसार बिंदुखत्ता के रावतनगर निवासी विक्रम सिंह की पत्नी पूनम बिष्ट अपनी छोटी बेटी के साथ घर से निकली थीं। वह पहले मंगलपड़ाव पहुंचीं और वहां से दूसरा ऑटो लेकर काठगोदाम के लिए रवाना हुईं। शाम करीब साढ़े तीन बजे रेलवे स्टेशन के पास ऑटो रुकने पर जैसे ही वह बच्ची को गोद में लेकर उतरने लगीं, अचानक उन्हें चक्कर आ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: कोरोना के पांच नए मामले मिले, एम्स ऋषिकेश के दो डॉक्टर भी संक्रमित

आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मां-बेटी को निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

यह भी पढ़ें 👉  बारामती में नम आंखों से अजित पवार को अंतिम विदाई, पूरे राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

काठगोदाम के एसओ विमल मिश्रा ने बताया कि महिला का उपचार जारी है। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पूनम बिष्ट अपनी बेटी को लेकर लालकुआं एक मेडिकल कैंप में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए गई थीं, लेकिन वहां से वह अचानक कहीं चली गईं। कुछ समय बाद परिजनों को काठगोदाम में हुए हादसे की जानकारी मिली।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: नैनीताल सहित छह जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट, शीत दिवस जैसी स्थिति की चेतावनी

एसओ के मुताबिक, यह भी जांच की जा रही है कि पूनम काठगोदाम किन परिस्थितियों में पहुंचीं। वहीं एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने कहा कि घटना के वास्तविक कारणों और अन्य पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

You cannot copy content of this page