हल्द्वानी। गौलापार स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने वाली ईवीसीएल (Epic Victory Cricket League) के नाम पर बड़े स्तर की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। लीग के आयोजक विकास ढाका ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों की भागीदारी का दावा कर दो टीम मालिकों से कुल 32 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामला सामने आने के बाद थाना काठगोदाम में एफआईआर संख्या 13/2026 और 14/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
Big Fraud in the Name of T20 League: शिकायतकर्ताओं के अनुसार आरोपी ने दावा किया था कि लीग में हरभजन सिंह, इरफान पठान, प्रवीण कुमार, मनप्रीत गोनी सहित कई अंतरराष्ट्रीय और रणजी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसी झांसे में आकर निवेशकों ने टीमें खरीदीं।
झज्जर (हरियाणा) निवासी हेमन्त शर्मा ने “यू0पी0 वॉरियर्स” नाम से टीम खरीदी। आरोपी ने 50 लाख रुपये की फ्रेंचाइजी फीस बताई, लेकिन 20 लाख रुपये के डिस्काउंट का लालच देकर 30 लाख में सौदा तय किया। हेमन्त शर्मा ने नगद व अन्य माध्यमों से कुल 23 लाख रुपये आरोपी को दे दिए।
वहीं, सितारगंज के पूर्व विधायक नारायण पाल ने “उत्तराखण्ड सोल्जर्स” टीम के लिए 50 लाख की फ्रेंचाइजी बताई गई, जिसे 10 लाख के डिस्काउंट के साथ तय किया गया। उन्होंने 3 लाख रुपये नगद और 6 लाख रुपये प्रचार-प्रसार (होर्डिंग्स) में खर्च किए, कुल 9 लाख रुपये का भुगतान किया।
तय तारीख बीती, नहीं शुरू हुआ टूर्नामेंट
टूर्नामेंट की शुरुआत 1 फरवरी 2026 को प्रस्तावित थी। लेकिन निर्धारित तिथि बीत जाने के बावजूद मैदान पर कोई गतिविधि नहीं दिखी। जब शिकायतकर्ताओं ने जानकारी लेनी चाही तो आरोपी टालमटोल करता रहा।
बाद में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से संपर्क करने पर चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई—उन्हें ऐसे किसी टूर्नामेंट की जानकारी ही नहीं थी। इतना ही नहीं, आयोजन के लिए कोई आधिकारिक लोगो, ड्रेस, या प्रचार सामग्री तक तैयार नहीं की गई थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 24 घंटे में गिरफ्तारी
मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने तत्काल टीम गठित कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष विमल मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 6 फरवरी 2026 को मल्ला काठगोदाम से आरोपी विकास ढाका (उम्र 35 वर्ष, निवासी A-162 सेक्टर, नोएडा, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के लेनदेन से जुड़े दो बैंक खातों को भी फ्रीज कर दिया गया है।
