Haldwani: बोतल में पेट्रोल न देने पर गुंडागर्दी…मारपीट की घटना से पेट्रोल पम्प एसोसिएशन में रोष

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित जोहारमल एंड संस पेट्रोल पम्प पर शुक्रवार सायं उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति द्वारा बोतल में पेट्रोल देने से मना करने पर पम्प कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट की गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पेट्रोल पम्प संचालकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

SOP का पालन करना पड़ा भारी
मिली जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति पेट्रोल पम्प पर बोतल में पेट्रोल लेने पहुंचा था। प्रशासनिक आदेशों और पेट्रोलियम मंत्रालय की गाइडलाइन के तहत पम्प कर्मचारियों ने खुले बर्तन में पेट्रोल देने से इनकार कर दिया। इसी बात पर आरोपी भड़क गया और उसने कर्मचारियों पर हमला कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  शादी का झांसा देकर अपहरण, फिर रामगंगा में फेंककर हत्या...सुनीता देवी गुमशुदगी प्रकरण में बड़ा खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

बेल्ट और ट्रैफिक कोन से की पिटाई
आरोपी ने पहले पम्प कर्मचारियों को गालियां दीं और फिर बेल्ट व ट्रैफिक कोन जैसे सामान से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया, लेकिन कुछ देर बाद आरोपी अपने साथियों के साथ दोबारा मौके पर पहुंच गया और फिर से मारपीट कर फरार हो गया।

लगातार बढ़ रही घटनाओं से पम्प संचालक परेशान
इस घटना के बाद पर्वतीय पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने आपात बैठक बुलाकर गहरा रोष जताया। एसोसिएशन का कहना है कि हल्द्वानी में पेट्रोल पम्पों पर आए दिन इस तरह की गुंडागर्दी और मारपीट की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: नामी बिल्डर के दफ्तर पर छापा, 1.5 करोड़ की टैक्स चोरी का खुलासा, मौके पर जमा कराए 48 लाख

प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग
एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चड्डा और महामंत्री चेतन बलुटिया ने कहा कि जल्द ही जिलाधिकारी से मुलाकात कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी। साथ ही, मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालातों को देखते हुए पेट्रोल पम्पों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग उठाई गई है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: 9 फरवरी से बदलेगा मौसम, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार, मैदानी क्षेत्रों में कोहरे की चेतावनी

जनता से अपील: नियमों का करें पालन
एसोसिएशन ने प्रशासन से यह भी अनुरोध किया है कि आम जनता के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि कोई भी व्यक्ति पम्प कर्मचारियों पर खुले बर्तन, बोतल, जरीकेन या ड्रम में पेट्रोल-डीजल देने का दबाव न बनाए।

बैठक में कई पेट्रोल पम्प संचालक और एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में कहा कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जा सकता है।