टिहरी। ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर बगड़धार क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती कार के ऊपर पहाड़ी से अचानक बोल्डर आ गिरा। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उसमें सवार दंपती बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे ऋषिकेश से नई टिहरी जा रही कार पर पहाड़ी से पत्थर गिर गया। कार में ई-ब्लॉक नई टिहरी निवासी महेश पंवार और उनकी पत्नी सवार थे। अचानक हुए इस हादसे के बाद दोनों किसी तरह वाहन से बाहर निकल आए।
थानाध्यक्ष देवराज शर्मा ने बताया कि दंपती को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई है, हालांकि घबराहट के चलते उन्हें श्रीदेव सुमन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि बगड़धार क्षेत्र में इन दिनों भूस्खलन प्रभावित हिस्से पर मरम्मत कार्य चल रहा है। हादसे के समय मजदूर भोजन कर रहे थे और मौके पर ट्रैफिक नियंत्रित करने के लिए कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।
स्थानीय लोगों ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि मरम्मत कार्य के दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए थे।
वहीं बीआरओ के सहायक अभियंता सुरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सड़क सुधार कार्य जारी है और कई बार लोग जल्दबाजी में बिना रुके वाहन निकालने की कोशिश करते हैं, जिससे ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है।
