दिल्ली-एनसीआर में बारिश से बढ़ी ठंड, कोहरे का यलो अलर्ट, प्रदूषण से राहत की उम्मीद

खबर शेयर करें

नई दिल्ली: देश के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में कड़ाके की सर्दी का असर लगातार बना हुआ है। राजधानी दिल्ली एक बार फिर भीषण ठंड की गिरफ्त में है। बीते दो दिनों से शीतलहर झेल रही दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई, जिससे ठंड का अहसास और तीखा हो गया।

सुबह-सुबह हुई बारिश के बाद लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ा। सड़कों पर निकलने वाले लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए, वहीं ठंडी हवाओं और नमी के कारण कंपकंपी और बढ़ गई। बारिश ने जहां मौसम को और सर्द बना दिया, वहीं दृश्यता पर भी असर पड़ा।

मौसम विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। शाम और रात के समय हल्की धुंध और कोहरा छा सकता है।

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर में दो हत्याओं का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

आईएमडी का पूर्वानुमान है कि 10 से 12 जनवरी के बीच दिल्ली में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, लेकिन सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 15 से 18 डिग्री और न्यूनतम 5 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं 13 और 14 जनवरी को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह के वक्त कोहरे का असर बना रह सकता है। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को कोहरे के कारण सतर्क रहने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें 👉  कैबिनेट का बड़ा फैसला: एलपीजी सब्सिडी समेत पूर्वोत्तर विकास के लिए 52,667 करोड़ रुपये का पैकेज मंजूर

बारिश का एक सकारात्मक असर राजधानी की हवा पर भी पड़ने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि फिलहाल दिल्ली की वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम फॉर दिल्ली के अनुसार, शुक्रवार सुबह राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 318 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश के बाद प्रदूषण के स्तर में कुछ हद तक सुधार हो सकता है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण गंभीर स्तर पर बना हुआ है। अलीपुर में 280, आनंद विहार में 385, अशोक विहार में 328, आया नगर में 299, बवाना में 276, बुराड़ी में 278 और चांदनी चौक में 335 एक्यूआई दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  आवारा कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, अब पूरे देश में लागू होंगे नियम

इसके अलावा डीटीयू इलाके में 289, द्वारका सेक्टर-8 में 346, आईजीआई एयरपोर्ट टी-3 में 252, आईटीओ में 307, जहांगीरपुरी में 340, लोधी रोड में 295, मुंडका में 326, नजफगढ़ में 278, नरेला में 296, पंजाबी बाग में 330, आरकेपुरम में 385, रोहिणी में 335, सोनिया विहार में 315, विवेक विहार में 368 और वजीरपुर में 336 एक्यूआई दर्ज किया गया।

मौसम में आए इस बदलाव से जहां राजधानी में ठंड और बढ़ गई है, वहीं बारिश से प्रदूषण में संभावित राहत की उम्मीद भी जगी है। आने वाले दिनों में मौसम और वायु गुणवत्ता पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

You cannot copy content of this page