Uttarakhand: नोटिस के बाद विधायक आवास पर जुटे भाजपाई, अरविंद पांडे का पलटवार-सीबीआई जांच की मांग का लिया जा रहा बदला

खबर शेयर करें

रुद्रपुर। निर्माण को लेकर मिले नोटिस के बाद बुधवार को विधायक अरविंद पांडे के आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जमावड़ा लगा रहा। इस दौरान विधायक पांडे ने खुलकर विरोधियों पर निशाना साधा और पूरी कार्रवाई को राजनीतिक साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि नायक हमेशा दुश्मनों से लड़ता है, जबकि खलनायक अपनों से। किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या मामले में सीबीआई जांच की मांग करना उन्हें भारी पड़ रहा है और उसी का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है।

BJP MLA Arvind Pandey Hits Back After Notice, Alleges Conspiracy Over CBI Demand: विधायक अरविंद पांडे ने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि उनके आवास या किसी निर्माण में सरकारी भूमि पर कब्जा पाया जाता है, तो वे स्वयं उसे हटवाने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा दमनकारी और अन्यायपूर्ण ताकतों के खिलाफ खड़ी रही है। उन्होंने बचपन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और संगठन से मिले संस्कारों का जिक्र करते हुए कहा कि उनका परिवार जनता, संगठन और पार्टी के लिए जेल तक गया है और कई मुकदमे झेल चुका है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: खटीमा-टनकपुर में कर चोरी का भंडाफोड़, राज्य कर विभाग ने दो फर्मों से वसूले 1.99 करोड़

अरविंद पांडे ने कांग्रेस शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि अत्याचार और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने पर उन्हें जेल भेजा गया था, लेकिन बाद में उन मामलों की सीबीआई जांच हुई और वे पूरी तरह निर्दोष साबित हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में कुछ भ्रष्ट नेताओं की एक मंडली पुलिस अधिकारियों के माध्यम से अवैध वसूली कर रही है और यह धन अपने आकाओं तक पहुंचाया जा रहा है। इसी वजह से कई युवा मानसिक दबाव में हैं और बाजपुर क्षेत्र में किसान सुखवंत सिंह ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

यह भी पढ़ें 👉  शीतलहर का असर: उत्तराखंड के इस जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 जनवरी तक अवकाश घोषित, कोहरे का यलो अलर्ट जारी

विधायक ने कहा कि किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या मामले में सीबीआई जांच की मांग करना न तो पक्ष का मुद्दा है और न ही विपक्ष का, बल्कि यह न्याय का सवाल है। इस मांग के चलते ही उन्हें षड्यंत्र के तहत बदनाम करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई के जरिए वर्षों से सरकारी भूमि पर रह रहे गरीब लोगों में डर का माहौल पैदा किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: प्रधानमंत्री मोदी 27 फरवरी को करेंगे हर्षिल-मुखबा का दौरा, शीतकालीन पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

अंत में अरविंद पांडे ने स्पष्ट किया कि जब तक वे क्षेत्र में हैं, तब तक सरकारी भूमि पर वर्षों से बसे गरीब और जरूरतमंद लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि वे जनता के हितों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ते रहेंगे और किसी भी प्रकार के दबाव या साजिश से पीछे हटने वाले नहीं हैं।