मुंबई। हिंदी सिनेमा और रंगमंच की दुनिया से एक दुखद खबर सामने आई है। अभिनेता विजय कृष्णा का 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन के कारणों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। फिल्म और थिएटर जगत में उनके जाने से शोक की लहर है।
विजय कृष्णा ने कई हिंदी फिल्मों में काम किया था, जिनमें देवदास भी शामिल है। बड़े पर्दे के साथ-साथ वे रंगमंच पर भी लंबे समय तक सक्रिय रहे और थिएटर की दुनिया में उनका विशेष स्थान था।
लिलेट दुबे ने साझा की दुखद खबर
अभिनेत्री लिलेट दुबे ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए विजय कृष्णा के निधन की जानकारी दी। उन्होंने भावुक शब्दों में लिखा,
“मेरा मन दुखी है। हमारे प्यारे विजय कृष्णा, जो हमारे थिएटर परिवार और ‘डांस लाइक ए मैन’ का 25 साल से ज्यादा समय तक हिस्सा रहे, अब हमारे बीच नहीं हैं। विजय बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे—शानदार अभिनेता, आकर्षक व्यक्तित्व और बेहतरीन ह्यूमर से भरपूर। हम सभी उन्हें बहुत प्यार करते थे। उनकी यादें हमेशा हमारे साथ रहेंगी। प्यारे विजय, तुम्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा।”उन्होंने आगे विजय कृष्णा की पत्नी स्मिता, बेटियों नायरिका और फ्रेयान के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
अनुपम खेर और अन्य कलाकारों ने दी श्रद्धांजलि
लिलेट दुबे की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिनेता अनुपम खेर ने लिखा, “यह बहुत दुख की खबर है। ओम शांति।”इसके अलावा अभिनेता राजपाल यादव और सबा पटौदी ने भी विजय कृष्णा को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके साथ बिताए पलों को याद किया।
थिएटर से गहरा जुड़ाव
विजय कृष्णा लगभग 25 वर्षों तक थिएटर से जुड़े रहे और ‘डांस लाइक ए मैन’ जैसे चर्चित नाटक का अहम हिस्सा रहे। अभिनय के अलावा वे पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी सक्रिय थे। साथ ही वे गोदरेज फैमिली के बिजनेस में पूर्व एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर भी कार्यरत रह चुके थे।
विजय कृष्णा के निधन से फिल्म और रंगमंच जगत ने एक अनुभवी और संवेदनशील कलाकार को खो दिया है। उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
