कराची में सिलेंडर धमाके से इमारत ढही, 16 की मौत

खबर शेयर करें

सहरी के समय हुआ धमाका, कई लोग अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका

कराची: पाकिस्तान के कराची में मंगलवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। सिलेंडर में गैस लीक होने से हुए जोरदार धमाके के बाद एक रिहायशी इमारत भरभराकर गिर गई। हादसे में अब तक 16 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 14 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

यह घटना कराची के सोल्जर बाजार स्थित गुल राणा कॉलोनी इलाके में सुबह करीब 4:15 बजे सहरी के समय हुई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक धमाका बिल्डिंग के पहले फ्लोर पर हुआ, जिसके बाद पूरी संरचना ढह गई।

महिलाओं और बच्चों समेत 16 की मौत
स्थानीय मीडिया के अनुसार मृतकों में छह महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। सिविल हॉस्पिटल कराची के ट्रॉमा सेंटर के डायरेक्टर डॉ. मोहम्मद साबिर मेमन ने बताया कि 13 शव उनके अस्पताल लाए गए थे, जबकि अन्य शव अलग-अलग अस्पतालों में भेजे गए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: कांग्रेस का मोदी सरकार पर तीखा प्रहार...‘मनरेगा खत्म कर गरीबों से छीना गया काम का अधिकार’

अवैध निर्माण पर उठे सवाल
अधिकारियों का कहना है कि जिस इमारत में धमाका हुआ वह वैध रूप से निर्मित नहीं थी। अलग-अलग छोटे कमरों को जोड़कर यह ढांचा खड़ा किया गया था। इमारत के छोटे और संकरे कमरों के कारण बचाव दल को राहत कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

घनी आबादी वाले इलाके में घटना होने के कारण प्रशासन को भीड़ नियंत्रित करने और राहत कार्य सुचारु रखने में परेशानी आई। आसपास के कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है।

ताफ्तान में गैस प्लांट में धमाका
कराची हादसे के बीच एक और बड़ी घटना सामने आई है। ईरान-पाकिस्तान सीमा के पास बलूचिस्तान के ताफ्तान इलाके में एक गैस प्लांट में जबरदस्त धमाका हुआ।

यह भी पढ़ें 👉  14 साल बाद भारत पहुंचे फुटबॉल के जादूगर मेसी, कोलकाता में दिखी दीवानगी...चार शहरों में फैंस से मिलेंगे ‘GOAT’

बताया जा रहा है कि धमाके की आवाज 10 किलोमीटर दूर तक सुनी गई। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार 100 से अधिक लोग प्लांट के अंदर फंसे हो सकते हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है।

खैबर पख्तूनख्वा में बम धमाके और गोलीबारी
दो दिन पहले उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में भी हिंसक घटनाएं सामने आई थीं। पाकिस्तानी सेना के अनुसार खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बाजौर जिले में एक सुरक्षा चेकपोस्ट के पास विस्फोटक से भरी गाड़ी में धमाका हुआ।

यह भी पढ़ें 👉  ईरान–अमेरिका टकराव चरम पर, ट्रंप को तेहरान की खुली धमकी...खामेनेई पर कार्रवाई हुई तो ‘दुनिया को आग में झोंक देंगे’

इस हमले में एक बच्चे समेत 11 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों सहित सात अन्य घायल हुए। धमाके से पास की एक इमारत गिर गई, जिसमें एक लड़की की जान चली गई।

लगातार घटनाओं से बढ़ी चिंता
पाकिस्तान में हाल के दिनों में गैस धमाकों, बम विस्फोटों और गोलीबारी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने सभी प्रभावित इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी है और जांच शुरू कर दी गई है।