संभल/असमोली। उत्तर प्रदेश के संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के गांव मतावली पट्टी जग्गू में कथित ‘ऑनर किलिंग’ का मामला सामने आया है। 19 वर्षीय रूप जहां की उसके बड़े भाई जानेआलम ने चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी ने वारदात के बाद खुद पुलिस को सूचना दी और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
जानकारी के अनुसार, रूप जहां का गांव के ही दूसरे समुदाय के युवक से पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने सख्ती शुरू कर दी थी। बुधवार को युवती घर से निकलकर असमोली थाने पहुंची और परिजनों से जान का खतरा बताया। उसने बालिग होने का हवाला देते हुए प्रेमी युवक के साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद युवक उसे अमरोहा निवासी अपनी एक रिश्तेदार के घर ले गया।
गांव के लोगों के साथ पहुंचे परिजन, युवती को घर लाए
बृहस्पतिवार सुबह युवती के परिजन गांव के जिम्मेदार लोगों के साथ अमरोहा पहुंचे और समझा-बुझाकर युवती को अपने साथ घर ले आए। बताया जा रहा है कि परिजनों ने गांव में बदनामी का हवाला देते हुए कुछ समय बाद शादी कराने का आश्वासन दिया था।
रात करीब 9 बजे, जब परिवार के अन्य सदस्य एक रिश्तेदार की शादी में गए थे, तभी बड़े भाई जानेआलम ने चुन्नी से गला दबाकर बहन की हत्या कर दी।
आरोपी ने खुद किया जुर्म कबूल
वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को सूचना दी। पुलिस के सामने उसने स्वीकार किया कि बहन के कदम से गांव में बदनामी हो रही थी, इसलिए उसने हत्या की।
संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना में यदि किसी अन्य व्यक्ति की साजिश सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर पहुंचे अधिकारी, शव पोस्टमार्टम को भेजा
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी कुलदीप सिंह और असमोली सीओ कुलदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसपी ने बताया कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद विधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है।
समाज में फिर उठा ‘ऑनर किलिंग’ का सवाल
यह घटना एक बार फिर तथाकथित ‘इज्जत’ के नाम पर होने वाली हत्याओं पर सवाल खड़े करती है। बालिग युवती द्वारा अपनी मर्जी से जीवनसाथी चुनने की इच्छा जताने के बावजूद परिवार की असहमति ने एक मासूम जिंदगी छीन ली।
