तेहरान: ईरान में बड़ा सुरक्षा घटनाक्रम सामने आया है। ईरान की सरकारी मीडिया ने सोमवार को पुष्टि की कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के खुफिया संगठन के प्रमुख माजिद खादेमी की एक हमले में मौत हो गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार तड़के हुए हमले में माजिद खादेमी को निशाना बनाया गया। IRGC ने उनकी मौत की पुष्टि करते हुए इसे “आपराधिक आतंकवादी हमला” करार दिया है। हालांकि, हमले की सटीक लोकेशन को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
आईआरजीसी ने इस हत्या के लिए “अमेरिकी-यहूदी शासन के दुश्मनों” को जिम्मेदार ठहराया है, जो इशारों में अमेरिका और इजराइल की ओर संकेत माना जा रहा है। इस बयान के बाद क्षेत्रीय तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमवार सुबह तेहरान और उसके आसपास के इलाकों में भारी हवाई हमलों की भी खबरें हैं, जिनमें कथित तौर पर अमेरिका और इजराइल से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया। हालांकि इन हमलों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।
इस घटनाक्रम के बाद पश्चिम एशिया में पहले से चल रहे तनाव और गहरा गया है, जिससे क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक कूटनीतिक हालात पर असर पड़ सकता है।
