उन्नाव। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। सिरधरपुर और देवखरी गांव के पास मथुरा और आगरा डिपो की दो रोडवेज बसें एक ही ट्रक में पीछे से भिड़ गईं। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 31 यात्री घायल हो गए। घायलों को तत्काल बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12 बजे किलोमीटर संख्या 226 पर सिरधरपुर गांव के सामने एक ट्रक सड़क घेरकर खड़ा था। इसी दौरान आगरा फोर्ट डिपो की एक रोडवेज बस पीछे से ट्रक में जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और 14 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। हाइड्रा मशीन मंगाकर क्षतिग्रस्त वाहन हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
पहले हादसे के बाद जब पुलिस रात करीब 2:30 बजे ट्रक को प्रीतमपुरा चौकी ले जा रही थी, तभी आगरा फोर्ट की ही दूसरी रोडवेज बस उसी ट्रक में पीछे से टकरा गई। इस दूसरे हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने दोबारा राहत और बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय के अनुसार, ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। दोनों बसों में कुल 31 यात्री घायल हुए हैं और तीन की मौत हुई है। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शवों को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाकर शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को झपकी आना बताई जा रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था और रात में भारी वाहनों की पार्किंग को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
